भोपाल: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान मध्य प्रदेश वॉलीबॉल संघ के निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए हैं। रविवार को भोपाल में हुए चुनाव में उन्हें वर्ष 2026 से 2030 तक के कार्यकाल के लिए यह जिम्मेदारी सौंपी गई। चुनाव में प्रदेश के 33 जिला वॉलीबॉल संघों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
वॉलीबॉल के विकास के लिए बनेगी नई खेल नीति
अध्यक्ष चुने जाने के बाद कार्तिकेय सिंह चौहान ने मध्य प्रदेश में वॉलीबॉल को बढ़ावा देने के लिए मध्यप्रदेश वॉलीबॉल खेल नीति 2026 का प्रारूप जल्द तैयार करने की बात कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर जिले में इस खेल के विकास के लिए योजना बनाई जाएगी।
उन्होंने नई प्रतिभाओं को अवसर देने, खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और जिला संघों को आर्थिक सहायता देने की दिशा में काम करने की बात भी कही। उनका लक्ष्य वॉलीबॉल को प्रदेश के गांवों और युवाओं तक पहुंचाना है।
नई कार्यकारिणी में इन पदाधिकारियों को मिली जिम्मेदारी
चुनाव अधिकारी अधिवक्ता दिलीप मालवीय ने चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई। नई कार्यकारिणी में अनवर खान को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, विधायक आशीष शर्मा और राम पांडे को उपाध्यक्ष, सतीश जोशी को महासचिव और विशाल शर्मा को कोषाध्यक्ष चुना गया।
वहीं, डीआर सिंह और राजेश शुक्ला को संयुक्त सचिव बनाया गया। कार्यकारिणी सदस्यों में आशीष सिंह, भूपेन्द्र कांत, राजेन्द्र चतुर्वेदी, श्वेता शर्मा और रीवा के कृष्णानंद शामिल हैं।
राज्य स्तरीय वॉलीबॉल चैंपियनशिप को मंजूरी
बैठक में विभिन्न आयु वर्गों की राज्य स्तरीय वॉलीबॉल चैंपियनशिप आयोजित कराने की स्वीकृति भी दी गई। साथ ही संघ की वैधानिक स्थिति के संबंध में सदस्यों को जानकारी दी गई।
नई कार्यकारिणी के सामने प्रदेश में वॉलीबॉल का विस्तार करने, जिला संघों को मजबूत बनाने और उभरते खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी होगी। कार्तिकेय सिंह चौहान ने अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपने के लिए संघ के पदाधिकारियों, जिला प्रतिनिधियों और सदस्यों का आभार जताया।
खबरें और भी हैं...