भोपाल: मुख्यमंत्री मोहन यादव ने चुनावी हार को लेकर कांग्रेस द्वारा चुनाव आयोग पर सवाल उठाए जाने पर आत्ममंथन की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जिस चुनाव आयोग की प्रक्रिया के माध्यम से कांग्रेस को कई राज्यों में सरकार बनाने का अवसर मिला, उसी प्रक्रिया पर लगातार सवाल उठाना उचित नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कांग्रेस चुनाव आयोग की चुनावी प्रक्रिया पर ही सवाल उठाती है, तो केरल और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की जीत का क्या अर्थ है। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में भी राजनीतिक परिस्थितियों के अनुसार गठबंधन और सरकार में भागीदारी के फैसले लिए जाते हैं।
कांग्रेस को संगठन और नेतृत्व पर आत्ममंथन की सलाह
CM मोहन यादव ने कहा कि लगातार चुनावों में कांग्रेस की पराजय के लिए चुनाव आयोग को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है। कांग्रेस को यह विचार करना चाहिए कि तमिलनाडु में वह लंबे समय से कमजोर क्यों है और पश्चिम बंगाल में लंबे समय से सत्ता से बाहर क्यों है।
उन्होंने उत्तर प्रदेश और बिहार सहित कई राज्यों में कांग्रेस के कमजोर होते जनाधार का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री के मुताबिक, इन सवालों का जवाब चुनाव आयोग को दोष देने के बजाय पार्टी के संगठन और नेतृत्व की कमजोरियों के आत्ममंथन में तलाशना चाहिए।
राहुल गांधी से भी आत्ममंथन की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और चुनावी प्रक्रिया संवैधानिक व्यवस्था के तहत चुनाव आयोग के माध्यम से संपन्न होती है। उन्होंने कहा कि चुनावी पराजय को स्वीकार करने के बजाय संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाना उचित नहीं है।
CM मोहन यादव ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को भी अपनी पार्टी के प्रदर्शन और नेतृत्व का आत्ममंथन करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को चुनाव आयोग या अन्य संवैधानिक संस्थाओं को जिम्मेदार ठहराने के बजाय संगठन मजबूत करने और कार्यकर्ताओं का विश्वास बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए।
PM मोदी के नेतृत्व का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत पूरी दुनिया के सामने मजबूती के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि एक साधारण परिवार से निकलकर प्रधानमंत्री पद तक पहुंचे नरेंद्र मोदी ने देश का मान-सम्मान बढ़ाया और प्रधानमंत्री पद की गरिमा स्थापित की है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपनी कमजोरियों को स्वीकार कर संगठन को मजबूत करना और जनता के बीच अपना विश्वास दोबारा स्थापित करने पर ध्यान देना चाहिए।
खबरें और भी हैं...