अपना राज्य चुनें
मुख्यमंत्री मोहन यादव आज हरदा दौरे पर, अस्पताल से लेकर सरकारी योजनाओं तक की करेंगे समीक्षा
मध्यप्रदेश 7 16 hours ago

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव शुक्रवार को हरदा जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे स्वास्थ्य सुविधाओं, बुजुर्गों की देखभाल, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और जनसमस्याओं के निराकरण की समीक्षा करेंगे। साथ ही उद्यमियों, किसानों और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि हासिल करने वाले लोगों से संवाद भी करेंगे।
जिला अस्पताल और वृद्धाश्रम का करेंगे निरीक्षण
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री दोपहर 12:35 बजे हेलीकॉप्टर से हरदा पहुंचेंगे। उनका दौरा लगभग साढ़े तीन घंटे का रहेगा। इस दौरान वे जिला अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और गुणवत्ता का जायजा लेंगे। इसके बाद वृद्धाश्रम पहुंचकर वहां रह रहे बुजुर्गों के लिए उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी लेंगे।
उद्यमियों और किसानों से करेंगे संवाद
मुख्यमंत्री जिला पंचायत में आयोजित विभिन्न संवाद कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इनमें उद्यमियों के साथ उद्यमी संवाद और उपलब्धि हासिल करने वाले लोगों के साथ यशस्वी संवाद शामिल हैं।
इसके अलावा वे प्रगतिशील किसानों से अग्रणी कृषि संवाद के तहत चर्चा करेंगे। इस दौरान कृषि क्षेत्र की समस्याओं, किसानों की जरूरतों और खेती से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर बातचीत होगी।
जनसमस्याएं सुनेंगे मुख्यमंत्री
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री आम लोगों से भी संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम में स्थानीय निवासी अपनी समस्याएं और शिकायतें मुख्यमंत्री के सामने रख सकेंगे।
इसके बाद वे जिला स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक में सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रशासनिक कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। मुख्यमंत्री समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में भी शामिल होकर जनशिकायतों के निराकरण की स्थिति का जायजा लेंगे।
प्रशासन ने पूरी की तैयारियां
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर गुरुवार शाम नर्मदापुरम संभाग के आयुक्त श्रीकांत बनोठ, हरदा कलेक्टर सिद्धार्थ जैन और पुलिस अधीक्षक शशांक ने तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थलों की व्यवस्थाओं, सुरक्षा और अन्य जरूरी इंतजामों का जायजा लिया।
जिला पुलिस ने यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए मार्ग परिवर्तन की योजना भी जारी की है। जिला प्रशासन ने अस्पताल और वृद्धाश्रम के निरीक्षण, संवाद कार्यक्रमों तथा समीक्षा बैठक के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
मुख्यमंत्री के इस दौरे का मुख्य उद्देश्य जिले में स्वास्थ्य सेवाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रशासनिक व्यवस्था की जमीनी स्थिति का आकलन करना है।

अन्य खबरें खबरें और भी हैं...