अपना राज्य चुनें
इंदौर में दोस्त के घर से 1.10 करोड़ की चोरी, सरपंच चुनाव लड़ने के लिए चुराया सोना और नकदी
मध्यप्रदेश 3 10 hours ago

इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में दोस्त के घर से सोने और नकदी समेत करीब 1 करोड़ 10 लाख रुपये का सामान चोरी होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी गोपाल उर्फ गोपी को भोपाल से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने राजस्थान में होने वाले पंचायत चुनाव में सरपंच का चुनाव लड़ने के लिए खर्च जुटाने के इरादे से चोरी की थी।
अलमारी से सोना, नकदी और मोबाइल चोरी
डीसीपी अमन राठौड़ के मुताबिक, निपानिया स्थित बीसीएम पार्क निवासी रेनू शर्मा ने घर की अलमारी से कीमती सामान चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, 10 से 13 अगस्त के बीच घर से 630 ग्राम सोने का बिस्किट, 40 ग्राम की सोने की चेन, 2 लाख रुपये नकद और एक मोबाइल फोन चोरी हुआ था।
शिकायत मिलने के बाद लसूड़िया पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। शुरुआती जांच में पुलिस को फरियादी के साथ रहने वाले उसके दोस्त गोपाल उर्फ गोपी पर संदेह हुआ।
मोबाइल बंद कर हुआ था फरार
पुलिस के मुताबिक, आरोपी गोपाल उर्फ गोपी मूल रूप से राजस्थान के जोधपुर जिले का रहने वाला है। चोरी की घटना के बाद वह फरार हो गया था और उसने अपना मोबाइल नंबर भी बंद कर लिया था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी और आखिरकार उसे भोपाल से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर चोरी गया सामान बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, बरामद सोने, नकदी और अन्य सामान की कुल कीमत करीब 1 करोड़ 10 लाख रुपये है।
सरपंच चुनाव लड़ने के लिए की चोरी
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसके गांव में पंचायत चुनाव होने वाले थे और वह सरपंच पद का चुनाव लड़ना चाहता था। चुनाव में होने वाले खर्च के लिए उसने अपने दोस्त के घर से कीमती सामान चोरी किया।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

अन्य खबरें खबरें और भी हैं...