मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज बिहार के गयाजी पहुंच रहे हैं। अपने दौरे के दौरान वे सबसे पहले शंकराचार्य मठ जाएंगे और वहां अपनी कुलदेवी मां वराह देवी की पूजा-अर्चना करेंगे। उनके आगमन को लेकर स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत की तैयारियां की हैं।
शंकराचार्य मठ में करेंगे पूजा-अर्चना
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव हवाई अड्डे से सीधे शंकराचार्य मठ पहुंचेंगे। यहां वे मां वराह देवी के दर्शन और पूजा करेंगे। इस दौरान मठ के महंत, पुजारियों और भाजपा कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात करेंगे।
मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए दोमुहान मोड़ पर कार्यक्रम रखा गया है। बोधगया प्रखंड बीस सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के अध्यक्ष और भाजपा बोधगया नगर मंडल अध्यक्ष ओम प्रकाश कुमार ने वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से समय पर पहुंचने की अपील की है। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं।
निजी कार्यक्रम में भी होंगे शामिल
शंकराचार्य मठ में पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री डेल्टा होटल जाएंगे। यहां वे एक निजी कार्यक्रम में शामिल होंगे और भोजन करेंगे। उनका यह दौरा निजी कार्यक्रम से जुड़ा है।
वर्ष 2024 में भी परिवार के साथ आए थे गयाजी
डॉ. मोहन यादव इससे पहले 23 मई 2024 को अपने परिवार के सदस्यों के साथ शंकराचार्य मठ आए थे। उस दौरान भी उन्होंने मां वराह देवी की पूजा-अर्चना की थी।
मठ के महंत के अनुसार, यहां स्थापित मां वराह देवी की प्रतिमा छठी शताब्दी की है। इसके बाद मुख्यमंत्री बीते वर्ष बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान भी गयाजी आए थे।
मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह है। उनके आगमन और स्वागत कार्यक्रम के लिए तैयारियां की गई हैं।
खबरें और भी हैं...