देश के सबसे बड़े निजी क्षेत्र के बैंक HDFC Bank के बोर्ड ने MSRDC (Maharashtra State Road Development Corporation) जमा (Deposit) व्यवस्था से जुड़े मामले में बैंक के तीन वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। बोर्ड ने MD & CEO शशिधर जगदीशन, CFO श्रीनिवासन वैद्यनाथन और ग्रुप हेड – रिटेल एसेट्स अरविंद वोहरा को चेतावनी पत्र जारी करने के साथ-साथ ₹1 लाख का जुर्माना लगाया है।
बैंक ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि स्वतंत्र निदेशकों की विशेष अनुशासन समिति (Special Disciplinary Committee) की जांच में यह पाया गया कि संबंधित अधिकारियों का आचरण ‘बिजनेस ओवररीच’ का मामला था। हालांकि, जांच में किसी प्रकार की दुर्भावना (Mala Fide), व्यक्तिगत लाभ या अनुचित उद्देश्य का कोई प्रमाण नहीं मिला।
बैंक के अनुसार, समिति ने यह भी माना कि मामले में RBI के कुछ दिशा-निर्देशों से संभावित विचलन हो सकता है। इसी आधार पर बोर्ड ने तीन वरिष्ठ अधिकारियों पर आर्थिक दंड और चेतावनी पत्र जारी करने का फैसला लिया, जबकि अन्य संबंधित कर्मचारियों को केवल चेतावनी पत्र दिया गया है। साथ ही, इस पूरे मामले की जानकारी भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) को भी भेजने का निर्देश दिया गया है।
यह मामला तब चर्चा में आया जब एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया कि FY24 और FY25 के दौरान MSRDC को लगभग ₹45 करोड़ का भुगतान “डिफरेंशियल इंटरेस्ट” को मार्केटिंग खर्च के रूप में दिखाकर किया गया। हालांकि, HDFC Bank ने इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि बैंक के सभी कार्य स्थापित नियमों और प्रक्रियाओं के तहत किए जाते हैं।
खबरें और भी हैं...