प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय मंत्रियों से सोशल मीडिया पर अपनी मौजूदगी और मजबूत करने, खासकर इंस्टाग्राम पर नियमित रूप से सक्रिय रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि देश का युवा वर्ग सबसे अधिक इंस्टाग्राम का इस्तेमाल करता है, इसलिए सरकार की योजनाओं, नीतियों और उपलब्धियों को इसी प्लेटफॉर्म के जरिए प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाया जाना चाहिए।
सूत्रों के अनुसार, हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इंस्टाग्राम पर साझा किए गए एक सेल्फी वीडियो के बाद उनके अकाउंट पर करीब 10 लाख नए फॉलोअर्स जुड़े। इसके बाद हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में प्रधानमंत्री ने इस अनुभव का उल्लेख करते हुए मंत्रियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म की बढ़ती भूमिका के बारे में बताया।
प्रधानमंत्री ने मंत्रियों से कहा कि यदि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को युवाओं तक प्रभावी तरीके से पहुंचाना है, तो उनकी पसंद के प्लेटफॉर्म पर संवाद करना जरूरी है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि उन्होंने अपना महत्वपूर्ण संदेश पहले इंस्टाग्राम के वर्टिकल वीडियो (रील्स) फॉर्मेट में साझा किया, जिसके बाद उसे अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट किया गया।
सरकार का मानना है कि इंस्टाग्राम जैसे विजुअल और ट्रेंडिंग प्लेटफॉर्म के जरिए करोड़ों युवाओं तक सीधे पहुंच बनाना, उनसे संवाद स्थापित करना और सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंचाना अधिक आसान होगा।
हाल के समय में छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर इंस्टाग्राम के माध्यम से संवाद करने से सरकार को बेहतर पहुंच और सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने की बात भी सामने आई है। इसी रणनीति के तहत आने वाले समय में डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सरकार की सक्रियता और बढ़ने की संभावना है।
खबरें और भी हैं...