TikTok और ByteDance के सह-संस्थापक Zhang Yiming ने एशिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में बड़ी छलांग लगाते हुए मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ दिया है। Bloomberg Billionaires Index के अनुसार, Zhang Yiming की कुल संपत्ति बढ़कर 92.8 अरब डॉलर पहुंच गई है, जिसके साथ वह एशिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। वहीं रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी 86.9 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं।
Bloomberg के मुताबिक, Zhang Yiming की संपत्ति में यह तेज बढ़ोतरी ByteDance की बढ़ती वैल्यूएशन और कंपनी की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) रणनीति की सफलता के कारण हुई है। Zhang की संपत्ति मार्च 2019 में 13 अरब डॉलर थी, जो अब सात गुना से अधिक बढ़ चुकी है।
ByteDance के लोकप्रिय वीडियो प्लेटफॉर्म TikTok और AI चैटबॉट Doubao ने कंपनी की ग्रोथ को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। Doubao AI के 30 करोड़ से अधिक मासिक सक्रिय उपयोगकर्ता हैं, जिससे यह चीन का सबसे लोकप्रिय AI चैटबॉट बन गया है।
इस साल ByteDance ने अपने अमेरिकी कारोबार के कुछ हिस्सों को अमेरिकी निवेशकों को ट्रांसफर किया, जिससे कंपनी पर लंबे समय से बना नियामकीय दबाव कम हुआ। Bloomberg ने भी ByteDance की वैल्यूएशन पर लगाए गए जोखिम डिस्काउंट को 25% से घटाकर 10% कर दिया, जिसके बाद Zhang Yiming की संपत्ति में 24 अरब डॉलर से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
Bloomberg Billionaires Index के अनुसार, गौतम अडानी 117.4 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं। वहीं Zhang Yiming अब चीन के सबसे अमीर व्यक्ति भी हैं।
ByteDance अब AI क्षेत्र में आक्रामक निवेश की तैयारी कर रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार कंपनी इस वर्ष लगभग 70 अरब डॉलर तक निवेश करने पर विचार कर रही है, ताकि चीन के AI बाजार में अपनी पकड़ मजबूत कर सके और वैश्विक स्तर पर अमेरिकी टेक कंपनियों को चुनौती दे सके।
विशेषज्ञों का मानना है कि TikTok, Doubao AI और AI सेक्टर में बढ़ते निवेश के चलते ByteDance की वैल्यूएशन आने वाले समय में और बढ़ सकती है।
खबरें और भी हैं...