ई दिल्ली: दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में स्थित “लेमन ग्रीन” नामक रेस्टोरेंट में बुधवार सुबह भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग की चपेट में आने से कई लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
दिल्ली अग्निशमन सेवा (DFS) को सुबह करीब 9:45 बजे आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। अधिकारियों के अनुसार, बेसमेंट समेत पूरी इमारत से करीब 37 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
DDMA साउथ डिस्ट्रिक्ट के एसडीएम जितेंद्र कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही प्रशासन की सभी संबंधित एजेंसियों को सक्रिय कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि इमारत के निचले हिस्से में एक होटल संचालित किया जा रहा था और शुरुआती जांच में आग लगने की वजह उसी से जुड़ी प्रतीत हो रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच अभी जारी है।
अधिकारियों के अनुसार, संबंधित होटल कथित तौर पर किसी अन्य लाइसेंस की आड़ में संचालित किया जा रहा था। घटना के दौरान BSES ने इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कर दी, जिससे आग पर काबू पाने में मदद मिली।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग तेजी से फैलने के कारण इमारत में फंसे लोगों के पास बाहर निकलने का रास्ता नहीं बचा था। स्थानीय लोगों ने बचाव के लिए इमारत के सामने गद्दे बिछाए, जिसके बाद कुछ लोगों ने बालकनी और खिड़कियों से छलांग लगाकर अपनी जान बचाई।
मालवीय नगर के विधायक सतीश उपाध्याय ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि प्रशासन और सरकार पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
फिलहाल राहत और बचाव अभियान जारी है तथा प्रशासन द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
खबरें और भी हैं...