मस्कट में खेले गए अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को एक विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। भारत की इस शानदार जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई दिग्गजों ने युवा खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके प्रदर्शन की जमकर तारीफ की।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि भारतीय क्रिकेट के लिए यह शानदार दिन है। युवा खिलाड़ियों के प्रदर्शन और खिताबी जीत पर उन्हें गर्व है। उन्होंने कहा कि टीम की यह सफलता देश के कई युवाओं को प्रेरित करेगी।
केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने भी टीम को बधाई देते हुए भारत को एशिया चैंपियन बताया।338 रन का लक्ष्य हासिल कर रचा इतिहास
फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत के सामने 338 रनों का बड़ा लक्ष्य रखा था। इसके जवाब में कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने 80 रन और आर्यवीर सहवाग ने 58 रनों की शानदार पारियां खेलीं। इसके बाद मनल चौहान ने 47 रन और मोहित उलवा ने 49 रन की नाबाद पारी खेलकर भारत को एक विकेट से यादगार जीत दिलाई।
वीरेंद्र सहवाग और गांगुली ने भी की तारीफ
आर्यवीर सहवाग के पिता और पूर्व भारतीय ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने टीम की तारीफ करते हुए इसे अविश्वसनीय जीत बताया। उन्होंने लक्ष्य, आर्यवीर, मनल और मोहित के प्रदर्शन की सराहना की। वहीं, पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने आर्यवीर सहवाग के शानदार प्रदर्शन का विशेष रूप से जिक्र किया। आर्यवीर को टूर्नामेंट में 361 रन बनाने के लिए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।
पूर्व तेज गेंदबाज इरफान पठान और वीवीएस लक्ष्मण ने भी भारतीय टीम को बधाई दी। लक्ष्मण ने दबाव में खिलाड़ियों के धैर्य, साहस और आत्मविश्वास की सराहना की।
भारत की इस जीत ने एक बार फिर साबित कर दिया कि देश में क्रिकेट की नई पीढ़ी बड़े मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करने का दम रखती है।
खबरें और भी हैं...