देवउठनी एकादशी और बाबा खाटूश्याम के जन्मोत्सव पर राजस्थान जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेलवे ने विशेष इंतजाम किए हैं। उत्तर-पश्चिम रेलवे की ओर से 18 से 22 नवंबर के बीच रींगस के लिए तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनें संचालित की जाएंगी। इन ट्रेनों की कुल 18 ट्रिप होंगी, जिससे श्रद्धालुओं को यात्रा में सुविधा मिलेगी।
दिल्ली, रेवाड़ी और हिसार से चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
रेलवे के अनुसार, विशेष ट्रेनें दिल्ली सराय रोहिल्ला, रेवाड़ी और हिसार से रींगस के बीच चलाई जाएंगी। इन ट्रेनों का संचालन 18 से 22 नवंबर के बीच होगा। इसके अलावा दिल्ली-रेवाड़ी के बीच चलने वाली एक ट्रेन का भी चार ट्रिप के लिए रींगस तक विस्तार किया गया है।
नियमित ट्रेनों में भी बढ़ाए जाएंगे अतिरिक्त डिब्बे
श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दो जोड़ी नियमित ट्रेनों में साधारण श्रेणी के 8 अतिरिक्त डिब्बे अस्थायी रूप से लगाने का फैसला किया है। इससे यात्रियों को अधिक सीटें उपलब्ध हो सकेंगी और सफर में राहत मिलेगी।
रींगस से सड़क मार्ग से पहुंच सकेंगे खाटूश्यामजी मंदिर
रींगस रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद श्रद्धालु सड़क मार्ग से खाटूश्यामजी मंदिर जा सकेंगे। देवउठनी एकादशी और बाबा खाटूश्याम के जन्मोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। रेलवे के इन विशेष इंतजामों से यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
खबरें और भी हैं...