भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंगलवार को प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के तहत राज्य के 1.21 लाख से अधिक मेधावी छात्रों के बैंक खातों में ₹304 करोड़ से ज्यादा की प्रोत्साहन राशि ट्रांसफर की। यह राशि छात्रों को लैपटॉप खरीदने के लिए दी गई है।
इस योजना के तहत कक्षा 12वीं की परीक्षा में पहली बार में 75 फीसदी या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले पात्र छात्रों को लैपटॉप खरीदने के लिए ₹25,000 की आर्थिक सहायता दी जाती है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित कार्यक्रम से एक क्लिक के जरिए छात्रों के खातों में राशि ट्रांसफर की। इस दौरान उन्होंने कुछ छात्रों को प्रतीकात्मक रूप से लैपटॉप भी वितरित किए और उनके साथ बातचीत कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
छात्रों को शिक्षा के अलग-अलग स्तरों पर सहायता
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार स्कूली शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा और मेडिकल शिक्षा तक छात्रों को विभिन्न स्तरों पर सहायता उपलब्ध करा रही है। उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से छात्रों को यूनिफॉर्म, साइकिल और किताबों के साथ-साथ उच्च शिक्षा के लिए भी आर्थिक मदद दी जा रही है।
मोहन यादव ने कहा कि 75 फीसदी से अधिक अंक हासिल करने वाले 1.21 लाख से ज्यादा छात्रों को लैपटॉप खरीदने के लिए ₹25,000 प्रति छात्र दिए गए हैं। इस तरह एक साथ ₹300 करोड़ से अधिक की राशि छात्रों के खातों में पहुंचाई गई है।
अब तक ₹2,000 करोड़ से ज्यादा की सहायता
मुख्यमंत्री के अनुसार, इस योजना के तहत राज्य सरकार अब तक ₹2,000 करोड़ से अधिक की राशि वितरित कर चुकी है। सरकार का उद्देश्य मेधावी छात्रों को डिजिटल शिक्षा के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के दौरान छात्रों को लैपटॉप, साइकिल, किताबें और यूनिफॉर्म जैसी सुविधाएं नहीं दी गईं। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से अपने कार्यकाल को लेकर आत्ममंथन करने और माफी मांगने की बात कही।
खबरें और भी हैं...