अपना राज्य चुनें
इंदौर में सफाई कर्मचारियों का प्रदर्शन, नियमितीकरण समेत कई मांगों को लेकर काम बंद
इंदौर 22 4 days ago

इंदौर: नियमितीकरण समेत अन्य मांगों को लेकर सोमवार को सफाई कर्मचारियों ने नगर निगम परिसर में प्रदर्शन किया। कर्मचारी सुबह निगम परिसर पहुंचे और काम बंद कर नारेबाजी की। उन्होंने निगमायुक्त क्षितिज सिंघल को बाहर बुलाकर ज्ञापन सौंपने की मांग की।
निगमायुक्त के बाहर नहीं आने पर कर्मचारियों ने निगम कमिश्नर के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन की सूचना मिलने पर एमजी रोड थाने का पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा।
मांगें पूरी नहीं होने पर काम बंद रखने की चेतावनी
सफाई कर्मचारियों ने अधिकारियों को पत्र सौंपते हुए कहा कि उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर वे काम नहीं करेंगे। कर्मचारियों का कहना है कि कई कर्मचारी वर्षों से निगम में सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उन्हें अभी तक नियमित नहीं किया गया है और पर्याप्त सुविधाएं भी नहीं मिल रही हैं।
कर्मचारियों ने बताया कि वर्ष 2007 से निगम में सेवाएं दे रहे कर्मचारियों के नियमितीकरण की मांग भी लंबित है। इसके अलावा सेवा के दौरान सफाई कर्मचारी की मृत्यु होने पर उनके परिवार को अनुकंपा नियुक्ति नहीं मिलने का मुद्दा भी उठाया गया।
वेतन-भत्तों का लाभ देने की मांग
कर्मचारियों ने बताया कि अगस्त में उनकी मांगों को लेकर मेयर पुष्यमित्र भार्गव की ओर से विनियमित कर्मचारियों को चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के समान वेतन-भत्तों का लाभ देने की बात कही गई थी। कर्मचारियों का आरोप है कि नियमों में शिथिलता देने की बात के बावजूद अभी तक इस पर अमल नहीं हुआ है।
प्रदर्शन के दौरान सफाई कर्मचारी निगमायुक्त कार्यालय के बाहर धरने पर भी बैठे रहे। कुछ कर्मचारी डॉ. आंबेडकर की तस्वीर लेकर प्रदर्शन में शामिल हुए।

 

अन्य खबरें खबरें और भी हैं...