भारतीय अंडर-19 टीम जुलाई में श्रीलंका दौरे पर तीन वनडे और दो चार दिवसीय मैच खेलेगी। जूनियर चयन समिति ने गुरुवार को इस दौरे के लिए भारतीय अंडर-19 टीमों की घोषणा कर दी है। दोनों स्क्वाड की कप्तानी यशबर्धन सिंह को सौंपी गई है, जबकि लक्ष्य रायचंदानी को उप-कप्तान बनाया गया है।
इस टीम चयन की सबसे खास बात भारतीय टीम के पूर्व मुख्य कोच राहुल द्रविड़ के छोटे बेटे अन्वय द्रविड़ का चयन है। अन्वय को वनडे टीम में बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज शामिल किया गया है। उनके साथ रजत बघेल भी विकेटकीपर बल्लेबाज की भूमिका निभाएंगे।
भारत और श्रीलंका के बीच तीन वनडे मुकाबले क्रमशः 4, 6 और 9 जुलाई को खेले जाएंगे। सभी वनडे मैच हंबनटोटा में आयोजित होंगे। इसके बाद दोनों टीमों के बीच दो चार दिवसीय मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच 13 जुलाई से गॉल में और दूसरा 20 जुलाई से कोलंबो में खेला जाएगा।
भारतीय क्रिकेट के भविष्य के सितारों के लिए यह दौरा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन अवसर मिलेगा। वहीं, राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ पर भी सभी की नजरें रहेंगी, जो पहली बार भारतीय अंडर-19 टीम का हिस्सा बने हैं।
खबरें और भी हैं...