फीफा वर्ल्ड कप 2026 अपने साथ कई नए रिकॉर्ड लेकर आ रहा है। कनाडा, मैक्सिको और अमेरिका की संयुक्त मेजबानी में होने वाले इस टूर्नामेंट में पहली बार 40 वर्ष या उससे अधिक उम्र के आठ खिलाड़ी हिस्सा लेने जा रहे हैं। यह संख्या अब तक खेले गए सभी 22 वर्ल्ड कप संस्करणों में शामिल 40+ खिलाड़ियों की कुल संख्या से भी अधिक है।
सबसे उम्रदराज खिलाड़ी स्कॉटलैंड के गोलकीपर क्रेग गॉर्डन होंगे, जिनकी उम्र टूर्नामेंट के दौरान 43 वर्ष होगी। यदि उन्हें खेलने का मौका मिलता है तो वह वर्ल्ड कप इतिहास के दूसरे सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन जाएंगे। इस सूची में पहला स्थान मिस्र के गोलकीपर एसाम एल हदारी के नाम है, जिन्होंने 2018 वर्ल्ड कप में 45 वर्ष की उम्र में मैच खेला था।
वहीं, पुर्तगाल के दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो 41 वर्ष की उम्र में मैदान पर उतरेंगे और रिकॉर्ड छठे वर्ल्ड कप में हिस्सा लेंगे। उनके साथ अर्जेंटीना के स्टार लियोनेल मेसी और मैक्सिको के अनुभवी गोलकीपर गिलर्मो ओचोआ भी अपने-अपने छठे वर्ल्ड कप में खेलने जा रहे हैं।
इसके अलावा जर्मनी के विश्व कप विजेता गोलकीपर मैनुअल नॉयर, केप वर्डे के गोलकीपर वोजिन्हा और उरुग्वे के अनुभवी गोलकीपर फर्नांडो मुस्लेरा भी 40 वर्ष से अधिक उम्र के खिलाड़ियों की सूची में शामिल हैं।
फीफा के अनुसार, 2026 वर्ल्ड कप अब तक का सबसे बड़ा संस्करण होगा, जिसमें 48 टीमें और 1,248 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। टूर्नामेंट में मैचों और खिलाड़ियों की संख्या भी रिकॉर्ड स्तर पर होगी।
मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना अपने खिताब का बचाव करने उतरेगी। लियोनेल मेसी की अगुवाई में अर्जेंटीना ने 2022 कतर वर्ल्ड कप के फाइनल में फ्रांस को हराकर ट्रॉफी जीती थी।
खबरें और भी हैं...