इंदौर। शहर और पूरे मालवा क्षेत्र में मानसून की दस्तक अब ज्यादा दूर नहीं है। मौसम विभाग और मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आगामी दिनों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। प्री-मानसून गतिविधियों के चलते 12 जून से इंदौर सहित मालवांचल के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं 18 से 20 जून के बीच इंदौर और आसपास के क्षेत्रों में मानसून की औपचारिक एंट्री होने के संकेत मिल रहे हैं।
इंदौर शासकीय कृषि महाविद्यालय के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र के मौसम विशेषज्ञ डॉ. आनंद हर्षाना ने बताया कि इस वर्ष दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल में सामान्य समय से लगभग 3 से 4 दिन की देरी से पहुंचा था। हालांकि इसके बाद मानसून की रफ्तार तेज हुई है और अरब सागर तथा बंगाल की खाड़ी से मिल रही अनुकूल परिस्थितियों के कारण यह लगातार आगे बढ़ रहा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि वर्तमान परिस्थितियां बनी रहती हैं तो अगले आठ से दस दिनों के भीतर मानसून मालवा क्षेत्र में पहुंच सकता है। इससे किसानों के साथ-साथ आम लोगों को भी भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।
डॉ. हर्षाना ने बताया कि 5 जून को हुई प्री-मानसून बारिश के बाद से वातावरण में नमी बढ़ गई है। इसी वजह से शहर में पिछले कुछ दिनों से उमस महसूस की जा रही है। हालांकि दिन और रात का तापमान अभी सामान्य स्तर के आसपास बना हुआ है।
फिलहाल इंदौर में अधिकतम तापमान 38 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी दिनों में बादलों की आवाजाही बढ़ेगी और प्री-मानसून गतिविधियां तेज होने के साथ बारिश का दौर शुरू हो सकता है।
खबरें और भी हैं...