महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 का काउंटडाउन शुरू हो चुका है और भारतीय महिला क्रिकेट टीम अपने अभियान की शुरुआत 14 जून को पाकिस्तान के खिलाफ करेगी। बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर होने वाले इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम जीत के साथ टूर्नामेंट का आगाज करना चाहेगी।
भारत को ग्रुप-A में रखा गया है, जहां उसे पाकिस्तान, नीदरलैंड, दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीमों का सामना करना है। भारतीय टीम अभी तक महिला टी20 वर्ल्ड कप का खिताब नहीं जीत सकी है, ऐसे में इस बार इतिहास रचने की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं।
हाल के वर्षों में भारत ने इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया में टी20 सीरीज जीतकर अपनी ताकत दिखाई है। इसके अलावा महिला प्रीमियर लीग (WPL) और अन्य अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने टीम को खिताब के प्रमुख दावेदारों में शामिल कर दिया है।
हालांकि टूर्नामेंट से पहले दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के खिलाफ मिली हार ने टीम की तैयारियों पर सवाल खड़े किए हैं। कई खिलाड़ी फॉर्म से जूझ रहे हैं, जबकि कुछ अहम ऑलराउंडर चोटों से प्रभावित रही हैं।
टीम इंडिया की बल्लेबाजी में स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर और ऋचा घोष पर बड़ी जिम्मेदारी होगी। वहीं गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा, रेणुका ठाकुर, अरुंधति रेड्डी और युवा स्पिनर श्री चरणी से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।
भारत के लिए ग्रुप चरण का सबसे महत्वपूर्ण मुकाबला 21 जून को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ माना जा रहा है। हाल ही में भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज 1-4 से हार चुकी है, ऐसे में यह मैच सेमीफाइनल की दौड़ में निर्णायक साबित हो सकता है।
व्यक्तिगत उपलब्धियों की बात करें तो स्मृति मंधाना महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 4500 रन पूरे करने के करीब हैं। उन्हें इस उपलब्धि तक पहुंचने के लिए 167 रन की जरूरत है। वहीं अरुंधति रेड्डी को 50 टी20 अंतरराष्ट्रीय विकेट पूरे करने के लिए सिर्फ दो विकेट चाहिए।
भारत ने 2020 में महिला टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल तक का सफर तय किया था, लेकिन खिताब जीतने से चूक गई थी। इस बार टीम के पास इतिहास बदलने का सुनहरा मौका है। हालांकि ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका और पाकिस्तान जैसी टीमें भारत के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकती हैं।
अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में भारतीय टीम पहली बार महिला टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतकर इतिहास रच पाती है या नहीं।
खबरें और भी हैं...