मुंबई: टीवी अभिनेत्री हिना खान ने शिल्पा शिंदे के साथ चल रहे विवाद के बीच अपने प्रशंसकों से सोशल मीडिया पर संयम और शांति बनाए रखने की अपील की है। दोनों अभिनेत्रियों के समर्थकों के बीच बढ़ती बयानबाजी और ट्रोलिंग को देखते हुए हिना ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक लंबा नोट साझा किया।
हिना खान ने अपनी पोस्ट में कहा कि हर इंसान से गलतियां होती हैं और समय के साथ लोग खुद को बेहतर बनाते हैं। उन्होंने लिखा, “मैंने हमेशा नफरत की जगह दयालुता, प्यार और इंसानियत को चुना है। अगर आप मेरे फैन हैं और मेरा भला चाहते हैं, तो मैं आपसे भी यही उम्मीद करती हूं कि आप सम्मान और समझदारी के साथ अपनी बात रखें।”
हिना ने आगे कहा कि किसी भी मुद्दे पर अपनी राय रखने के लिए कटुता और नफरत जरूरी नहीं है। उन्होंने लिखा कि बिना संवेदनहीन ट्रोल्स की तरह व्यवहार किए भी अपनी बात प्रभावी ढंग से रखी जा सकती है।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जो लोग सोशल मीडिया पर बेवजह नफरत फैलाएंगे या ट्रोलिंग करेंगे, उन्हें वह ब्लॉक कर देंगी, चाहे वे उनके प्रशंसक ही क्यों न हों। हिना ने कहा कि वह अपने और अपने प्रियजनों के लिए केवल सकारात्मकता और शांति चाहती हैं।
यह विवाद तब शुरू हुआ जब अभिनेत्री शिल्पा शिंदे ने हाल ही में स्वीकार किया कि निर्माता संजय कोहली के खिलाफ दर्ज कराया गया यौन उत्पीड़न का मामला झूठा था। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया और टीवी इंडस्ट्री में तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं।
हिना खान ने भी इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की थी, जिसके बाद शिल्पा शिंदे ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर जवाब दिया। एक वीडियो में उन्होंने लोगों से उनके निजी मामलों में दखल न देने की बात कही, जबकि दूसरे वीडियो में उन्होंने हिना खान की निजी जिंदगी, उनके कैंसर से संघर्ष और पिता के निधन का जिक्र करते हुए अप्रत्यक्ष रूप से निशाना साधा।
गौरतलब है कि हिना खान और शिल्पा शिंदे के बीच मतभेद कोई नई बात नहीं है। दोनों के बीच लोकप्रिय रियलिटी शो ‘बिग बॉस 11’ के दौरान भी कई बार तीखी नोकझोंक देखने को मिली थी। अब वर्षों बाद यह विवाद एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है।
हालांकि, हिना खान के हालिया बयान से साफ है कि वह सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की नफरत और ट्रोलिंग का समर्थन नहीं करतीं और अपने प्रशंसकों से भी सकारात्मक माहौल बनाए रखने की अपील कर रही हैं।
खबरें और भी हैं...