उत्तर प्रदेश के झांसी-कानपुर नेशनल हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में माफिया अतीक अहमद के बेटे आबान अहमद की मौत हो गई। हादसे में उनके साथ मौजूद सोनू खान की भी मौके पर ही जान चली गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, हादसा पूंछ थाना क्षेत्र के खिल्ली गांव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार में सवार सभी लोग प्रयागराज से झांसी जेल जा रहे थे, जहां वे अतीक अहमद के दूसरे बेटे अली अहमद से मिलने वाले थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों अहजम, मोहम्मद जैद और उमर को इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। तीनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा तेज रफ्तार, वाहन पर नियंत्रण खोने या किसी अन्य वजह से हुआ।
खबरें और भी हैं...