अपना राज्य चुनें
दिल्ली के सत्य निकेतन में हॉस्टल इमारत ढही, देवास के छात्र अर्पित जाज की मौत
अपराध 20 5 days ago

दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर पांच मंजिला हॉस्टल इमारत गिरने से देवास के छात्र अर्पित जाज की मौत हो गई। सोमवार सुबह रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान उनका शव मलबे से बरामद किया गया। मौके पर पहुंचे अर्पित के पिता ने शव की पहचान की।

अर्पित देवास के जय बजरंग नगर निवासी थे और बीकॉम द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहे थे। वे पढ़ाई के लिए दिल्ली में रह रहे थे। कुछ दिन पहले ही वे रक्षाबंधन मनाने अपने घर देवास आए थे। परिवार के साथ त्योहार मनाने के बाद शनिवार को ट्रेन से दिल्ली लौटे थे।

जानकारी के मुताबिक, अर्पित रविवार सुबह करीब 7 बजे दिल्ली पहुंचे थे। इसके बाद वे सत्य निकेतन स्थित अपने हॉस्टल गए। कुछ देर आराम करने और खाना खाने के बाद वे अपने कमरे में चले गए। इसी दौरान अचानक पांच मंजिला इमारत भरभराकर ढह गई।

अर्पित हॉस्टल डेज की बिल्डिंग नंबर 11 के कमरा नंबर 302 में रह रहे थे और हादसे के समय कमरे में ही मौजूद थे। बताया जा रहा है कि इमारत में पिछले कुछ दिनों से मरम्मत का काम चल रहा था। हादसे के बाद राहत और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने का अभियान शुरू किया।

घर में छाया मातम

अर्पित की मौत की खबर देवास पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया। कुछ दिन पहले जिस घर में रक्षाबंधन की खुशियां थीं, वहां अब सन्नाटा पसरा है। परिवार के सदस्य अर्पित के पार्थिव शरीर के देवास पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं।

अर्पित पढ़ाई पूरी कर परिवार के सपनों को साकार करने के लिए दिल्ली गए थे, लेकिन शनिवार को घर से उनकी वापसी उनकी आखिरी यात्रा साबित हुई।