अपना राज्य चुनें
इंदौर में आरई-2 सड़क के लिए 130 बाधक निर्माण हटाए, अब शुरू होगा सड़क निर्माण
मध्यप्रदेश 6 17 hours ago

इंदौर में नायता मुंडला से स्टार चौराहा तक बनाई जा रही आरई-2 सड़क के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। शुक्रवार को नगर निगम ने बचे हुए 130 बाधक निर्माण भी हटा दिए। अब इस हिस्से में सड़क निर्माण का काम शुरू किया जाएगा। करीब आठ किलोमीटर लंबी इस सड़क से शहर के पूर्वी क्षेत्र को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी और रिंग रोड व बायपास पर यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है।

आठ जेसीबी और 100 से अधिक श्रमिकों ने की कार्रवाई

शुक्रवार सुबह नगर निगम का अतिक्रमण हटाने वाला अमला आठ जेसीबी और 100 से अधिक श्रमिकों के साथ मौके पर पहुंचा। कार्रवाई के दौरान मकानों में रह रहे लोगों को घरेलू सामान निकालने के लिए समय दिया गया। इसके बाद शिव नगर क्षेत्र में बाधक निर्माण हटाए गए।

इस सड़क के लिए अब तक अलग-अलग हिस्सों में 400 से अधिक निर्माण हटाए जा चुके हैं। ज्यादातर निर्माण कच्चे होने के कारण उन्हें हटाने में अधिक समय नहीं लगा।

पिछली कार्रवाई के दौरान हुआ था पथराव

इससे पहले 200 से अधिक बाधक निर्माण हटाने के दौरान बस्ती के कुछ लोगों ने नगर निगम कर्मचारियों पर पथराव कर दिया था। इस घटना में दो निगमकर्मी घायल हुए थे। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को हटाया और पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई आगे बढ़ाई गई।

पिछली घटना को देखते हुए शुक्रवार को मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिसकर्मियों ने भीड़ को जमा होने से रोकने के साथ कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी।

निगमायुक्त ने किया मौके का निरीक्षण

कार्रवाई के दौरान नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि उच्च न्यायालय के निर्देशों का पालन करते हुए सड़क निर्माण से प्रभावित परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद कुछ परिवारों ने अपने पुराने मकान खाली नहीं किए थे। ऐसे निर्माणों को हटाया गया है।

उन्होंने कहा कि अब मास्टर प्लान में निर्धारित चौड़ाई के अनुसार सड़क का निर्माण किया जाएगा।

रिंग रोड और बायपास पर यातायात का दबाव होगा कम

आरई-2 सड़क का निर्माण पूरा होने से इंदौर के पूर्वी क्षेत्र में आवागमन आसान होने की उम्मीद है। इससे रिंग रोड और बायपास पर वाहनों का दबाव कम करने में भी मदद मिल सकती है। फिलहाल स्टार चौराहा से खजराना तक सड़क का एक हिस्सा बन चुका है। शेष हिस्से से बाधक निर्माण हटने के बाद अब निर्माण कार्य आगे बढ़ सकेगा।

अन्य खबरें खबरें और भी हैं...