पुणे के प्रसिद्ध सिंहगढ़ किले पर पर्यटकों के कपड़ों को लेकर विवाद के बाद मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। पुणे ग्रामीण पुलिस ने समस्त हिंदू बांधव आर्मी के आठ सदस्यों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
मामला एक 39 वर्षीय निजी कंपनी के वरिष्ठ मैनेजर की शिकायत के बाद सामने आया। शिकायतकर्ता अपने परिवार और दोस्तों के साथ सिंहगढ़ किले पर घूमने गए थे। तानाजी मालुसरे के स्मारक से लौटते समय कुछ लोगों ने उन्हें कथित तौर पर रोककर शॉर्ट्स पहनने को लेकर सवाल किया।
शिकायत के मुताबिक, कपड़ों को लेकर विवाद बढ़ने के बाद तीन लोगों ने उनके साथ मारपीट की और उनकी पत्नी के साथ भी कथित तौर पर खींचतान की गई। परिवार को ‘हिंदू संस्कृति’ का पालन करने को लेकर अपमानित किए जाने का भी आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान सामने आया कि उसी दिन तीन अन्य पर्यटक समूहों के साथ भी कथित तौर पर मारपीट की गई थी। इनमें एक महिला पर्यटक भी शामिल है। घटना से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें किले पर लोगों के बीच हाथापाई दिखाई दे रही है।
पुणे ग्रामीण पुलिस ने मारपीट, दंगा, गैरकानूनी जमावड़ा और आपराधिक धमकी समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल के मुताबिक, मानसून के दौरान सिंहगढ़ किले पर बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। मामले की जांच जारी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
खबरें और भी हैं...