भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए टी20 टीम का ऐलान कर दिया है। इस टीम चयन की सबसे बड़ी खबर श्रेयस अय्यर का टी20 टीम का नया कप्तान बनना और 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी का पहली बार भारतीय सीनियर टीम में चयन है।
श्रेयस अय्यर को टीम की कमान सौंपी गई है, जबकि युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा को उपकप्तान बनाया गया है। चयनकर्ताओं का यह फैसला भारतीय टी20 क्रिकेट में नए दौर की शुरुआत माना जा रहा है।
हालांकि सबसे ज्यादा चर्चा वैभव सूर्यवंशी को लेकर हो रही है। राजस्थान रॉयल्स के इस युवा बल्लेबाज ने आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 776 रन बनाए और ऑरेंज कैप अपने नाम की। वैभव ने पूरे टूर्नामेंट में 237.3 के विस्फोटक स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की, जो सीजन के सबसे प्रभावशाली आंकड़ों में शामिल रहा।
सिर्फ रन ही नहीं, वैभव ने आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा छक्के लगाकर भी अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और बड़े शॉट खेलने की क्षमता ने चयनकर्ताओं को प्रभावित किया, जिसके बाद उन्हें टीम इंडिया में मौका दिया गया।
टीम में जसप्रीत बुमराह, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, ईशान किशन, अभिषेक शर्मा, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, वॉशिंगटन सुंदर, शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा और वरुण चक्रवर्ती जैसे खिलाड़ी भी शामिल हैं।
आयरलैंड और इंग्लैंड दौरा भारतीय टीम के लिए नई शुरुआत साबित हो सकता है। एक तरफ श्रेयस अय्यर की कप्तानी पर नजरें होंगी, तो दूसरी तरफ क्रिकेट प्रशंसक वैभव सूर्यवंशी के संभावित अंतरराष्ट्रीय डेब्यू का बेसब्री से इंतजार करेंगे।
खबरें और भी हैं...