अपना राज्य चुनें
जंतर-मंतर पर CJP का प्रदर्शन शुरू, अभिजीत डिपके पहुंचे दिल्ली; सुरक्षा के कड़े इंतजाम
राजनीति 6 10 hours ago

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को जंतर-मंतर पर शुरू हुए विरोध प्रदर्शन के बीच सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों को राजधानी के प्रमुख इलाकों में तैनात किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के समर्थकों ने जंतर-मंतर पर अपना प्रदर्शन शुरू कर दिया है।

CJP के संस्थापक अभिजीत डिपके अमेरिका से भारत लौटकर इस आंदोलन में शामिल हुए हैं। दिल्ली पहुंचने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा कि वह जंतर-मंतर पर सभी से मिलने के लिए उत्साहित हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस आंदोलन को प्रेम और शांति के साथ आगे बढ़ाया जाना चाहिए।

अभिजीत डिपके ने इससे पहले घोषणा की थी कि वह परीक्षा संबंधी कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन शुरू करेंगे। उनका कहना है कि छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर जवाबदेही तय होनी चाहिए।

इस आंदोलन को शिक्षा सुधारक और जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का भी समर्थन मिला है। वांगचुक ने कहा था कि यदि 5 जून तक शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते हैं, तो वह भी इस प्रदर्शन में शामिल होंगे।

प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी है। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है।

फिलहाल प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से जारी है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

अन्य खबरें खबरें और भी हैं...