बॉलीवुड अभिनेता और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के सह-मालिक शाहरुख खान का एक बड़ा सपना अब हकीकत बन गया है। अमेरिका के लॉस एंजेलिस के पोमोना में लॉस एंजेलिस नाइट राइडर्स (LA Knight Riders) का नया क्रिकेट स्टेडियम केवल 100 दिनों में बनकर तैयार हो गया है। इसे अमेरिका में क्रिकेट के विकास की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
इस स्टेडियम की खास बात यह है कि यहां भविष्य में ओलंपिक क्रिकेट मुकाबलों की मेजबानी भी की जानी है। ऐसे में यह परियोजना अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के विस्तार के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
स्टेडियम के उद्घाटन पर शाहरुख खान ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने लिखा, “जो एक सपने की तरह शुरू हुआ था, आज वह हकीकत बन गया। आप सभी का नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड, LA में स्वागत है। यह जगह सिर्फ खेल के लिए नहीं, बल्कि मनोरंजन, परिवारों और यादगार पलों के लिए भी बनाई गई है।”
शाहरुख खान ने आईसीसी अध्यक्ष जय शाह का विशेष धन्यवाद भी किया। उन्होंने लिखा, “जय भाई, आपके सहयोग के लिए दिल से शुक्रिया। यह लॉस एंजेलिस, दुनिया भर के क्रिकेट प्रशंसकों और पूरे नाइट राइडर्स परिवार के लिए है। पर्पल और गोल्ड पर विश्वास बनाए रखें।”
अमेरिका में क्रिकेट की बढ़ती लोकप्रियता और आगामी ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी को देखते हुए यह नया स्टेडियम एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है।
खबरें और भी हैं...