दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने राष्ट्रीय राजधानी में बड़े आतंकी हमले की साजिश को नाकाम करने का दावा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी पाकिस्तान स्थित कथित ISI हैंडलर शाहजाद भट्टी के संपर्क में थे और उसके निर्देश पर दिल्ली में फायरिंग जैसी आतंकी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेशी फोन नंबरों और एन्क्रिप्टेड कम्युनिकेशन प्लेटफॉर्म के जरिए अपने कथित पाकिस्तानी हैंडलर से संपर्क में रहते थे। पुलिस इस पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित कड़ियों की जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभदीप सिंह (23), गुरजंत सिंह (22), साजन सिंह (28) और गगनप्रीत (24) के रूप में हुई है। इनमें तीन आरोपी पंजाब के निवासी हैं, जबकि एक को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से दो विदेशी पिस्तौल, नौ जिंदा कारतूस और पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। बरामद मोबाइल फोन की फॉरेंसिक जांच कर संपर्कों और अन्य डिजिटल सबूतों की पड़ताल की जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा इसका नेटवर्क कितना व्यापक था।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आगे की जांच के आधार पर अन्य खुलासे हो सकते हैं।
खबरें और भी हैं...