मेक्सिको ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए इक्वाडोर को 2-0 से हराकर राउंड ऑफ 16 में जगह बना ली है। इस जीत के साथ मेक्सिको ने 40 साल पुराना नॉकआउट जीत का इंतजार भी खत्म कर दिया। इससे पहले मेक्सिको ने आखिरी बार 1986 में, जब उसने वर्ल्ड कप की मेजबानी की थी, नॉकआउट मुकाबला जीता था।
तूफानी मौसम के कारण मुकाबला करीब एक घंटे की देरी से शुरू हुआ। हालांकि मैच शुरू होते ही मेक्सिको ने आक्रामक खेल दिखाया और लगातार इक्वाडोर के गोल पर दबाव बनाए रखा।
पहले हाफ के मध्य में जूलियन क्विनोनेस ने शानदार गोल कर मेक्सिको को बढ़त दिलाई। इसके बाद उन्होंने राउल जिमेनेज़ के गोल में भी अहम भूमिका निभाई, जिससे मेक्सिको ने 2-0 की मजबूत बढ़त हासिल कर ली।
दूसरे हाफ में इक्वाडोर वापसी की कोशिश करता रहा, लेकिन मेक्सिको की मजबूत डिफेंस और नियंत्रित खेल के सामने उसकी एक नहीं चली। पूरे मुकाबले में मेजबान टीम ने दबदबा बनाए रखा।
ग्रुप स्टेज में मेक्सिको का प्रदर्शन भी शानदार रहा। टीम ने अपने तीनों मुकाबले जीते और एक भी गोल नहीं खाया। अब मेक्सिको का सामना राउंड ऑफ 16 में इंग्लैंड या डीआर कांगो से होगा।
वहीं, इक्वाडोर का अभियान यहीं समाप्त हो गया। टीम अपने ग्रुप में तीसरे स्थान पर रही और पूरे टूर्नामेंट में केवल दो गोल ही कर सकी।
खबरें और भी हैं...