भारतीय महिला क्रिकेट टीम एक बार फिर एशिया कप में अपना दमखम दिखाने के लिए तैयार है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, महिला एशिया कप 2026 का आयोजन 28 अगस्त से 13 सितंबर के बीच संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में किया जा सकता है। हालांकि, एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) ने अभी तक टूर्नामेंट के शेड्यूल और वेन्यू की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ACC ने सभी भाग लेने वाले क्रिकेट बोर्डों को प्रस्तावित विंडो की जानकारी भेजते हुए टीमों से 27 अगस्त तक यूएई पहुंचने का अनुरोध किया है। वहीं, फाइनल मुकाबला 13 सितंबर को खेले जाने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल अंतिम मंजूरी का इंतजार है।
इस बार भी टूर्नामेंट में भारत, श्रीलंका, पाकिस्तान, बांग्लादेश, नेपाल, मलेशिया, थाईलैंड और मेजबान यूएई समेत कुल आठ टीमें हिस्सा लेंगी। टी20 फॉर्मेट में खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट में रोमांचक मुकाबलों की उम्मीद है।
इसी बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) से एक बड़ी चूक भी सामने आई। महिला टीम की संभावित स्क्वाड गलती से सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी गई, जिसे बाद में तुरंत हटा लिया गया। लीक हुई सूची में शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष और भारती फूलमाली जैसे खिलाड़ियों के नाम शामिल बताए गए।
महिला एशिया कप के तुरंत बाद 17 से 24 सितंबर के बीच जापान में एशियन गेम्स 2026 का आयोजन होगा। ऐसे में यदि भारतीय टीम एशिया कप के फाइनल तक पहुंचती है, तो खिलाड़ियों के पास यूएई से जापान पहुंचकर नई परिस्थितियों के अनुसार तैयारी करने के लिए बहुत कम समय होगा।
अब क्रिकेट प्रशंसकों की नजर ACC की आधिकारिक घोषणा पर टिकी है। सभी को उम्मीद है कि भारतीय महिला टीम एक बार फिर एशिया कप में शानदार प्रदर्शन कर खिताब जीतने की प्रबल दावेदार साबित होगी।
खबरें और भी हैं...