इंदौर, 4 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार इंदौर जिले में 7 अगस्त 2026 से ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026’ की शुरुआत होगी। अभियान का उद्देश्य शासन-प्रशासन को आम नागरिकों के और करीब लाना, जनसमस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा करना है।
कलेक्टर शिवम वर्मा ने अभियान के सफल संचालन के लिए विस्तृत आदेश जारी करते हुए 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक प्रत्येक शुक्रवार आयोजित होने वाले कार्यक्रमों का कैलेंडर जारी किया है।
हर शुक्रवार होगा जनसंवाद
अभियान के तहत नगर निगम, नगर परिषद और जनपद पंचायत क्षेत्रों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर नागरिकों की शिकायतें सुनेंगे और उनका यथासंभव तत्काल निराकरण करेंगे। साथ ही विकास कार्यों, लोक सेवा गारंटी और शासकीय योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की जाएगी।
यहां से होगी शुरुआत
अभियान का शुभारंभ 7 अगस्त को जनपद पंचायत महू के अम्बाचंदन से होगा। इसके बाद विभिन्न ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में क्रमवार शिविर आयोजित किए जाएंगे। यह अभियान 8 जनवरी 2027 तक जिले के निर्धारित क्षेत्रों में जारी रहेगा।
लंबित शिकायतों पर रहेगा विशेष फोकस
अभियान के दौरान सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत लंबित मामलों की विशेष समीक्षा की जाएगी। जिन मामलों का समाधान जिला स्तर पर संभव नहीं होगा, उन्हें संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के समन्वय से समयबद्ध तरीके से निपटाया जाएगा।
सरकारी संस्थानों का होगा निरीक्षण
अभियान के दौरान विद्यालयों, स्वास्थ्य संस्थानों, आंगनवाड़ी केंद्रों, लोक सेवा केंद्रों, पेयजल व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं का भी निरीक्षण किया जाएगा। साथ ही सभी गतिविधियों की निगरानी पोर्टल आधारित प्रणाली से की जाएगी।
कलेक्टर शिवम वर्मा ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान को पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता और जनहित की भावना के साथ संचालित किया जाए, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंच सके।
खबरें और भी हैं...