IPL 2026 के क्वालिफायर-2 में गुजरात टाइटन्स (GT) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजस्थान रॉयल्स (RR) को 7 विकेट से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। अब 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटन्स का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से होगा।
मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 214/6 का मजबूत स्कोर खड़ा किया। राजस्थान की ओर से युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने 47 गेंदों पर 96 रनों की शानदार पारी खेली। उनकी पारी में 8 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। इसके अलावा रवींद्र जडेजा ने नाबाद 45 रन बनाए, जबकि डोनोवन फरेरा ने केवल 11 गेंदों में 38 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
215 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटन्स को कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने बेहतरीन शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए बड़ी साझेदारी कर राजस्थान के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। साई सुदर्शन ने 58 रनों की उपयोगी पारी खेली, जबकि कप्तान शुभमन गिल ने जिम्मेदारी भरी बल्लेबाजी करते हुए मात्र 52 गेंदों पर 104 रन ठोक दिए।
गिल की विस्फोटक शतकीय पारी की बदौलत गुजरात ने लक्ष्य को 18.4 ओवर में ही हासिल कर लिया और 8 गेंद शेष रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ गुजरात टाइटन्स ने आईपीएल 2026 के फाइनल में प्रवेश कर लिया है।
अब क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें 31 मई को होने वाले फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां गुजरात टाइटन्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच आईपीएल 2026 की ट्रॉफी के लिए महामुकाबला खेला जाएगा।
खबरें और भी हैं...