इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर में धर्मांतरण के एक मामले में पीड़िता को धमकाने और अदालत में गवाही बदलने के लिए 1 लाख रुपये देने की पेशकश का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपी के पिता ने युवती को अपने बेटे के पक्ष में बयान देने के बदले रुपये देने की बात कही। इनकार करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़िता की शिकायत और सामने आए वीडियो के बाद पुलिस ने आरोपी के पिता एजाज पठान को गिरफ्तार कर लिया है।
कोर्ट में बयान से एक दिन पहले बुलाया
महिला थाना टीआई मनोज सेंधव के मुताबिक, पीड़िता ने आरोपी अब्दुल अजीज पठान के खिलाफ 18 अप्रैल 2026 को धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के तहत मामला दर्ज कराया था। इस मामले में 13 अक्टूबर 2026 को अदालत में पीड़िता के बयान दर्ज होने थे।
आरोप है कि 12 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे युवती बंगाली चौराहे से रेडिसन चौराहे की ओर अपनी नौकरी पर जा रही थी। इसी दौरान उसके मोबाइल पर कॉल आया और उसे स्टार चौराहे के पास स्थित साहिल रेसीडेंसी बुलाया गया।
बेटे को जेल से छुड़ाने के लिए 1 लाख रुपये देने की पेशकश
पीड़िता के अनुसार, वहां आरोपी अब्दुल अजीज पठान के पिता एजाज पठान मिले। आरोप है कि उन्होंने युवती से अपने बेटे के पक्ष में अदालत में गवाही देने के बदले 1 लाख रुपये लेने की बात कही, ताकि उनका बेटा जेल से छूट सके।
इस बात को लेकर दोनों के बीच बहस हुई। इसी दौरान पीड़िता ने घटना का वीडियो बना लिया। मौके पर मौजूद एक गवाह ने भी कथित घटनाक्रम देखा।
शिकायत के बाद पुलिस की कार्रवाई
घटना के बाद पीड़िता महिला थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए एजाज पठान को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। फिलहाल, मामले से जुड़े आरोपों पर अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा किया जाएगा।
खबरें और भी हैं...