उत्तर प्रदेश के एटा में दहेज में कार नहीं मिलने पर पत्नी को तीन तलाक देने और मारपीट कर छोड़ने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, एटा के रैवाड़ी मोहल्ला निवासी सुभान सैफी की बेटी मंतशा सैफी की शादी 3 दिसंबर 2025 को अलीगढ़ निवासी शारिक सैफी से हुई थी। परिवार का दावा है कि शादी में करीब 5 लाख रुपये नकद, जेवरात और घरेलू सामान दिया गया था।
शादी के बाद कार की मांग का आरोप
मंतशा का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष की ओर से कार की मांग की जाने लगी। कार नहीं मिलने पर उसे कथित तौर पर ताने दिए जाते थे और उसके साथ मारपीट भी की जाती थी।
पीड़िता के मुताबिक, 15 फरवरी को पति और ससुराल के लोग उसे गाड़ी से एटा के अली मोहम्मद चौराहे पर लेकर आए। आरोप है कि वहां पति ने तीन बार तलाक बोलकर उसे छोड़ दिया।
समझौते का इंतजार, फिर पति की दूसरी शादी
परिवार का कहना है कि मामले को पंचायत और बातचीत के जरिए सुलझाने की कोशिश की गई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। इसी दौरान मंतशा के परिवार को कथित तौर पर पता चला कि शारिक ने दूसरी शादी कर ली है।
मंतशा ने अपने पति पर दिल्ली के शाहीन बाग में काम के दौरान एक किन्नर के संपर्क में रहने का भी आरोप लगाया है। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस जांच के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी।
पति समेत पांच लोगों पर मुकदमा
मंतशा की शिकायत के आधार पर कोतवाली नगर पुलिस ने पति शारिक सैफी, ससुर नईम अख्तर, सास समीम बानो, ननद शाइस्ता और नंदोई आसिफ सैफी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
थाना प्रभारी धर्मेंद्र पवार के मुताबिक, सभी आरोपी अलीगढ़ के रहने वाले हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खबरें और भी हैं...