अपना राज्य चुनें
बोधगया पहुंचे CM मोहन यादव, सपरिवार किया पितरों का तर्पण; कांग्रेस और राहुल गांधी पर साधा निशाना
देश 3 10 hours ago

बोधगया: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को सपरिवार बिहार के बोधगया स्थित आदि शंकराचार्य मठ पहुंचे। यहां उन्होंने देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना की और निरंजना नदी के तट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए तर्पण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने धार्मिक पर्यटन, सनातन परंपरा और राजनीतिक मुद्दों पर भी अपनी बात रखी।

आदि शंकराचार्य मठ में की पूजा-अर्चना

मठ पहुंचने पर महंत त्रिवेणी गिरी, स्वामी विवेकानंद गिरी और मनोज पाठक ने पुष्प अर्पित कर एवं माला पहनाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इसके बाद CM मोहन यादव ने मठ स्थित वैराही देवी, अपनी कुलदेवी मां अन्नपूर्णा, जगद्गुरु और ठाकुरवाड़ी में पूजा-अर्चना की।

इसके बाद मुख्यमंत्री परिवार के साथ निरंजना नदी के तट पर पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से पितरों का तर्पण किया।

सनातन परंपरा और धार्मिक पर्यटन पर दिया जोर

पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि सनातन धर्म में पितरों का विशेष महत्व है। उन्होंने बोधगया को बौद्ध धर्म के अनुयायियों के लिए विश्वस्तरीय आस्था का केंद्र बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार बौद्ध धर्म को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उज्जैन के महाकाल महालोक के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे धार्मिक पर्यटन को नई गति मिली है।

उन्होंने बनारस, उज्जैन और सोमनाथ जैसे तीर्थस्थलों का जिक्र करते हुए कहा कि धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए तीर्थस्थलों पर बेहतर प्रबंधन, सुविधाओं के विस्तार और व्यवस्थाओं के विकास पर जोर दिया जा रहा है।

बिहार से पुराने संबंधों का किया उल्लेख

CM मोहन यादव ने बिहार से अपने पुराने संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार से उनका रिश्ता हजारों वर्ष पुराना है। उन्होंने कहा कि बोधगया जैसे धार्मिक और ऐतिहासिक स्थल भारत की समृद्ध आध्यात्मिक विरासत को दर्शाते हैं।

आदि शंकराचार्य मठ में हुए बदलाव से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मठ और मंदिर देवस्थल हैं, जिनका महत्व श्रद्धालुओं के आगमन से बढ़ता है। उन्होंने मठ की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने की जरूरत पर भी जोर दिया।

कांग्रेस और राहुल गांधी पर साधा निशाना

राजनीतिक सवालों के जवाब में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और राहुल गांधी की आलोचना की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता किसी पार्टी को पांच वर्षों के लिए जनादेश देती है। ऐसे में विपक्ष को अपने संगठन को मजबूत करने और आत्ममंथन करने की जरूरत है कि जनता उससे दूर क्यों हो रही है।

उन्होंने विपक्ष की राजनीतिक रणनीति और चुनाव आयोग के विरोध को लेकर भी सवाल उठाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को दूसरों पर सवाल उठाने से पहले अपनी कमियों का आकलन करना चाहिए।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा के इंतजाम

मुख्यमंत्री के बोधगया आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। एयरपोर्ट से आदि शंकराचार्य मठ तक विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा।

इस दौरान जिलाधिकारी शशांक शुभंकर, सिटी एसपी अभिनव, बोधगया एसडीपीओ मधु, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राजीव कुमार गुप्ता और बोधगया थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी सक्रिय रहे।

अन्य खबरें खबरें और भी हैं...