भारतीय तेज गेंदबाज गुरनूर बरार को न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे वनडे मुकाबले में आक्रामक अंदाज में जश्न मनाना महंगा पड़ गया। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने आचार संहिता के लेवल-1 का उल्लंघन करने पर उन्हें आधिकारिक तौर पर फटकार लगाई है। इसके साथ ही उनके अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ दिया गया है।
यह घटना 13 नवंबर को माउंट मौनगानुई में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए चौथे वनडे मुकाबले के दौरान हुई थी।
ICC के नियमों का उल्लंघन करने पर मिली सजा
ICC की ओर से जारी बयान के मुताबिक, गुरनूर बरार को खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए निर्धारित आचार संहिता के अनुच्छेद 2.5 का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया।
यह नियम ऐसी भाषा, व्यवहार या इशारों से संबंधित है, जो किसी अंतरराष्ट्रीय मैच में बल्लेबाज के आउट होने पर उसका अपमान करते हों या उसे आक्रामक प्रतिक्रिया देने के लिए उकसाते हों।
अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में जुड़ा एक डिमेरिट पॉइंट
आधिकारिक फटकार के अलावा बरार के खाते में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ दिया गया है। पिछले 24 महीनों के भीतर यह उनका दूसरा ऐसा अपराध था। इसके बाद उनके कुल डिमेरिट पॉइंट्स की संख्या बढ़कर दो हो गई है।
हालांकि, ICC ने उन पर मैच फीस का कोई जुर्माना नहीं लगाया है। उन्हें केवल आधिकारिक फटकार और एक अतिरिक्त डिमेरिट पॉइंट दिया गया है।
टिम सीफर्ट के आउट होने के बाद हुई थी घटना
यह पूरा मामला भारत की गेंदबाजी के 12वें ओवर के आखिर में हुआ। न्यूजीलैंड के बल्लेबाज टिम सीफर्ट के आउट होने के बाद गुरनूर बरार ने आक्रामक अंदाज में जश्न मनाया था। उनके इस व्यवहार को बल्लेबाज का अपमान करने वाला और उसे उकसाने वाला माना गया।
बरार ने कबूल की गलती
गुरनूर बरार ने ICC के सामने अपना अपराध स्वीकार कर लिया और मैच रेफरी रंजन मदुगले की ओर से दी गई सजा को मान लिया। इसके चलते मामले में औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी।
टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया में शामिल
भारत और न्यूजीलैंड के बीच 19 नवंबर से दो मैचों की टेस्ट सीरीज शुरू होने जा रही है। इस सीरीज के लिए गुरनूर बरार को भारतीय टीम के स्क्वॉड में शामिल किया गया है। टीम में उन्हें स्पिनर कुलदीप यादव की जगह शामिल किया गया है।
खबरें और भी हैं...