अपना राज्य चुनें
डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने उत्तराखंड के नौवें राज्यपाल के रूप में ली शपथ, संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प
राजनीति 24 4 days ago

देहरादून। डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने उत्तराखंड के नए राज्यपाल के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। सोमवार सुबह 11 बजे देहरादून स्थित लोक भवन में आयोजित समारोह में उत्तराखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार तिवारी ने उन्हें शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कई प्रमुख नेता और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 12 अक्टूबर को डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का नया राज्यपाल नियुक्त किया था। शपथ ग्रहण समारोह की शुरुआत और समापन राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ तथा राष्ट्रगान के साथ हुआ। इससे पहले मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने राष्ट्रपति द्वारा जारी नियुक्ति पत्र पढ़कर सुनाया।
संवैधानिक मूल्यों की रक्षा होगी प्राथमिकता
शपथ ग्रहण के बाद राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने उत्तराखंड पुलिस के सम्मान गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने देवभूमि उत्तराखंड की जनता के प्रति सम्मान व्यक्त किया और राज्यपाल की जिम्मेदारी सौंपने के लिए देश के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड केवल एक राज्य नहीं, बल्कि आस्था और संस्कृति का प्रमुख केंद्र है। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री जैसे चार धामों के साथ आदि कैलाश और जागेश्वर धाम इस प्रदेश की आध्यात्मिक पहचान हैं।
शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर रहेगा जोर
राज्यपाल ने कहा कि उनकी प्राथमिकताओं में संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करना, पद की गरिमा बनाए रखना और राज्य सरकार के साथ मिलकर प्रदेश के विकास को गति देना शामिल है।

उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पर्यटन, पर्यावरण, रोजगार और जनकल्याण की योजनाओं को आगे बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की शांति, सुरक्षा और समृद्धि सुनिश्चित करना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में रहेगा।
उत्तराखंड के विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प
डॉ. बिसेन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड के विकास संबंधी विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश को विकास के नए आयामों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।

उन्होंने उत्तराखंड को वीरभूमि बताते हुए यहां के सैनिकों, युवाओं, किसानों और महिलाओं के योगदान की सराहना की। उनके अनुसार, राज्य की प्रगति में इन सभी की महत्वपूर्ण भूमिका है।
शपथ ग्रहण समारोह में कई प्रमुख हस्तियां शामिल
समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, तीरथ सिंह रावत और विजय बहुगुणा सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।

इसके अलावा कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, सुबोध उनियाल, डॉ. धन सिंह रावत, गणेश जोशी, मदन कौशिक, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, सांसद महेंद्र भट्ट और सांसद नरेश बंसल समेत कई गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए। योग गुरु स्वामी रामदेव, परमार्थ निकेतन के प्रमुख स्वामी चिदानंद सरस्वती और वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी समारोह में उपस्थित रहे।

अन्य खबरें खबरें और भी हैं...