अपना राज्य चुनें
दिल्ली में CJP की तिरंगा यात्रा से पहले सुरक्षा सख्त, सेंट्रल पार्क दो दिन बंद
राजनीति 8 14 hours ago

दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की 16 अक्टूबर को प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा’ यात्रा से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क को 16 और 17 अक्टूबर तक बंद रखने का नोटिस जारी किया है। वहीं, दिल्ली पुलिस ने लोगों से कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में जाने से बचने की अपील की है।
CJP ने शुक्रवार शाम 5 बजे लोगों से हाथों में तिरंगा लेकर सेंट्रल पार्क पहुंचने का आह्वान किया था। आम आदमी पार्टी ने भी इस विरोध प्रदर्शन का समर्थन करते हुए अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से इसमें शामिल होने की अपील की है।
धारा 163 लागू, पुलिस ने बढ़ाई सतर्कता
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू है। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर शांति बनाए रखने, लोगों की सुरक्षा और संपत्ति की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
डीसीपी नेहा यादव ने पत्रकारवार्ता में बताया कि NDMC ने प्रशासनिक कारणों से सेंट्रल पार्क को दो दिन बंद रखने की जानकारी पुलिस को दी है। पुलिस से पार्क की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अनधिकृत प्रवेश रोकने का अनुरोध भी किया गया है।
ट्रैफिक प्रभावित होने की आशंका
तिरंगा यात्रा के आह्वान को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी एडवाइजरी जारी की है। कनॉट प्लेस, संसद मार्ग और आसपास की प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक अपडेट देखें और जरूरत के मुताबिक वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।
व्यापारियों ने भी जताई चिंता
कनॉट प्लेस के कुछ व्यापारी संगठनों और मार्केट एसोसिएशनों ने भी सुरक्षा और कारोबार प्रभावित होने की आशंका जताई है। व्यापारियों का कहना है कि अनधिकृत जमावड़े और संभावित अव्यवस्था से व्यावसायिक गतिविधियों पर असर पड़ सकता है।
इस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट में भी व्यापारिक गतिविधियों में बाधा की आशंका से जुड़ा मुद्दा उठाया गया है। पुलिस ने अदालत को भरोसा दिलाया है कि व्यापारियों की चिंताओं को ध्यान में रखते हुए उचित कदम उठाए जाएंगे।
फिलहाल प्रशासन और पुलिस का जोर इलाके में शांति बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने पर है। तिरंगा यात्रा को लेकर आयोजकों और प्रशासन के बीच स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

अन्य खबरें खबरें और भी हैं...