उमरिया: मध्य प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक पात्र महिलाओं के लिए नवरात्रि के अवसर पर आर्थिक सहायता जारी की गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 14 अक्टूबर 2026 को उमरिया जिले के गुरुवाही गांव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 41वीं किस्त के रूप में ₹1,834 करोड़ की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर की। योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने ₹1,500 की आर्थिक सहायता दी जा रही है।
गैस सिलेंडर रिफिल के लिए भी ₹115 करोड़ से अधिक जारी
मुख्यमंत्री ने गैस सिलेंडर रिफिल योजना के तहत 23 लाख से अधिक पात्र हितग्राहियों के खातों में ₹115.10 करोड़ की अनुदान राशि भी अंतरित की। पात्र लाड़ली बहनों को गैस रिफिल के लिए ₹450 प्रति सिलेंडर के हिसाब से दो माह की अनुदान राशि दी गई है। राज्य सरकार के अनुसार, पिछले तीन वर्षों में गैस रिफिल अनुदान के रूप में लगभग ₹1,600 करोड़ की सहायता दी जा चुकी है।
उमरिया को मिली विकास कार्यों की सौगात
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जिले में कुल ₹144 करोड़ की लागत के 136 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें ₹87 करोड़ की लागत के 68 कार्यों का लोकार्पण और ₹57 करोड़ की लागत के 68 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कार्यक्रम में लाड़ली बहनों का पुष्पवर्षा कर स्वागत भी किया।
उमरिया में सांदीपनि विद्यालय और अस्पताल की घोषणा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग पर उमरिया में सांदीपनि विद्यालय बनाने की घोषणा की। इसके अलावा मानपुर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का नया भवन बनाने और उसे सिविल हॉस्पिटल का दर्जा देने की बात कही।
उन्होंने उमरिया जिले के अमरपुर को तहसील के रूप में विकसित करने और क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक कदम उठाने की भी घोषणा की। सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय संस्थाओं को रियायती दर पर भूमि आवंटित करने की बात भी कही गई।
गोपालन, पर्यटन और रोजगार पर जोर
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए गोपालन और पशुपालन को प्रोत्साहित करने की बात कही। डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के तहत डेयरी व्यवसाय शुरू करने वालों को अनुदान उपलब्ध कराने का प्रावधान है।
इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए होमस्टे योजना का उल्लेख किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय लोगों को पर्यटन से जोड़कर रोजगार और आय के नए अवसर विकसित किए जा सकते हैं।
लाड़ली बहना योजना के तहत 41 किस्तों का भुगतान
लाड़ली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में हुई थी। इसके तहत पात्र महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी जाती है। राज्य सरकार के अनुसार, योजना के अंतर्गत अब तक 41 किस्तों का भुगतान किया जा चुका है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए योजना में ₹23,882.81 करोड़ का बजट प्रावधान किया गया है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं, किसानों, युवाओं और जरूरतमंद परिवारों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सहायता उपलब्ध कराने और प्रदेश के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने पर काम कर रही है।
खबरें और भी हैं...