भोपाल: मध्य प्रदेश में उच्च शिक्षा विभाग की E-Pravesh प्रणाली ने इस वर्ष कॉलेज प्रवेश प्रक्रिया में नया इतिहास रच दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व और डिजिटल प्रवेश व्यवस्था के चलते इस शैक्षणिक सत्र में 24 जुलाई तक 4,89,169 विद्यार्थियों ने शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों में प्रवेश प्राप्त किया। यह पिछले चार वर्षों में समान अवधि का सबसे बड़ा आंकड़ा है।
पिछले साल के मुकाबले 73 हजार से ज्यादा एडमिशन
उच्च शिक्षा विभाग के अनुसार, इस वर्ष अब तक हुए प्रवेश पिछले वर्ष की तुलना में 73,514 अधिक हैं। वहीं वर्ष 2023-24 की तुलना में 1,68,015 अतिरिक्त विद्यार्थियों ने उच्च शिक्षा में दाखिला लेकर नया रिकॉर्ड बनाया है।
पिछले चार वर्षों के आंकड़े इस प्रकार हैं:
2023-24: 3,21,154 प्रवेश
2024-25: 3,25,095 प्रवेश
2025-26: 4,15,655 प्रवेश
2026-27: 4,89,169 प्रवेश
घर बैठे पूरी हुई एडमिशन प्रक्रिया
E-Pravesh Portal और मोबाइल ऐप के जरिए विद्यार्थियों ने घर बैठे ऑनलाइन पंजीयन, दस्तावेज अपलोड, सत्यापन, कॉलेज एवं विषय का चयन, शुल्क भुगतान और प्रवेश प्रक्रिया पूरी की। इससे छात्रों और अभिभावकों को कॉलेजों के चक्कर लगाने से राहत मिली और पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी एवं समयबद्ध बनी।
24×7 कॉल सेंटर और CLC से मिली बड़ी मदद
प्रवेश प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए विभाग ने 24×7 Call Centre, कॉलेज हेल्प सेंटर, जिला एवं संभाग स्तर पर मॉनिटरिंग और तकनीकी सहायता की व्यवस्था की। वहीं College Level Counselling (CLC) के दौरान विद्यार्थियों को उसी दिन पंजीयन, दस्तावेज सत्यापन और प्रवेश की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
7.18 लाख छात्रों ने कराया पंजीयन
विभाग के अनुसार, अब तक 7,18,386 विद्यार्थियों ने E-Pravesh Portal पर पंजीयन कराया है। इनमें से 6,31,854 विद्यार्थियों के दस्तावेज सत्यापित हो चुके हैं और 4,89,169 विद्यार्थियों ने प्रवेश प्राप्त कर लिया है।
इनमें:
3,38,148 विद्यार्थियों ने Undergraduate (UG) पाठ्यक्रमों में प्रवेश लिया।
1,04,455 विद्यार्थियों ने Postgraduate (PG) पाठ्यक्रमों में दाखिला लिया।
46,566 विद्यार्थियों ने NCTE पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्राप्त किया।
‘प्रवेश मेला’ अभियान से मिली रफ्तार
अंतिम चरण के CLC Round में विभाग ने पूरे प्रदेश में ‘प्रवेश मेला’ अभियान चलाया। इसके तहत विद्यार्थियों को पंजीयन, दस्तावेज सत्यापन, चॉइस फिलिंग, सीट आवंटन, शुल्क भुगतान और विषय चयन जैसी सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं। हेल्प डेस्क के माध्यम से समस्याओं का तत्काल समाधान भी किया गया।
31 जुलाई तक प्रवेश का अवसर
उच्च शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि CLC चरण की अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित की गई है। विभाग का लक्ष्य है कि प्रदेश का कोई भी पात्र विद्यार्थी जानकारी के अभाव, तकनीकी समस्या या प्रक्रिया संबंधी कठिनाई के कारण उच्च शिक्षा से वंचित न रहे।
खबरें और भी हैं...