उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार दोपहर एक निजी कोचिंग सेंटर में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगने के बाद इमारत में मौजूद छात्रों के बीच अफरा-तफरी मच गई और कई छात्रों ने जान बचाने के लिए ऊपरी मंजिलों से बाहर निकलने की कोशिश की।
घटना अलीगंज के सेक्टर-डी स्थित एक निजी कोचिंग संस्थान की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के समय अचानक इमारत से धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। मौके पर मौजूद लोगों ने छात्रों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। दमकल कर्मी इमारत के भीतर फंसे लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
घटना की जानकारी मिलते ही उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने और घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें। घटना में हताहतों और घायलों की संख्या को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।
खबरें और भी हैं...