अपना राज्य चुनें
शिवसेना (UBT) में बड़ी बगावत? 6 सांसदों के शिंदे गुट में जाने की अटकलों से बढ़ी उद्धव ठाकरे की मुश्किलें
राजनीति 10 2 days ago

महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर बड़ा सियासी भूचाल देखने को मिल रहा है। शिवसेना (UBT) के छह लोकसभा सांसदों के एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल होने की खबरों ने राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। माना जा रहा है कि ये सांसद सोमवार दोपहर 3 बजे औपचारिक रूप से शिंदे गुट का दामन थाम सकते हैं।

इस घटनाक्रम के बीच शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने पार्टी के सभी विधायकों और विधान परिषद सदस्यों (MLCs) की अहम बैठक बुलाई है। यह बैठक मुंबई के नरीमन पॉइंट स्थित पार्टी कार्यालय ‘शिवालय’ में आयोजित की जाएगी। माना जा रहा है कि उद्धव ठाकरे इस बैठक में पार्टी नेताओं को संबोधित कर मौजूदा राजनीतिक संकट पर रणनीति तैयार करेंगे।

राजनीतिक संकट के बीच शिवसेना (UBT) सांसद संजय दीना पाटिल की बेटी राजूल पाटिल ने ‘मातोश्री’ पहुंचकर उद्धव ठाकरे से मुलाकात की और पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा दोहराई। उन्होंने कहा कि वह शिवसेना (UBT) के साथ हैं और अपना पक्ष स्पष्ट करने के लिए उद्धव ठाकरे से मिलने आई थीं।

इससे पहले पार्टी ने अनुपस्थित रहने वाले सांसदों को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि सांसद निर्धारित समय में जवाब नहीं देते हैं, तो इसे पार्टी की सदस्यता स्वेच्छा से छोड़ने के रूप में माना जा सकता है और उनके खिलाफ दल-बदल विरोधी कानून के तहत कार्रवाई की जा सकती है।

विवाद तब बढ़ा जब नई दिल्ली में आयोजित संसदीय दल की बैठक में पार्टी के 9 लोकसभा सांसदों में से केवल 3 सांसद ही शामिल हुए। वहीं, छह सांसदों की अनुपस्थिति ने बगावत की अटकलों को और हवा दे दी।

शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत पहले ही संकेत दे चुके हैं कि अनुपस्थित सांसदों के खिलाफ अयोग्यता की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। वहीं, शिवसेना MLC चंद्रकांत रघुवंशी का दावा है कि छह सांसदों ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए उनके गुट का समर्थन किया है।

यदि ये सांसद आधिकारिक रूप से शिंदे गुट में शामिल होते हैं, तो महाराष्ट्र की राजनीति में इसका बड़ा असर देखने को मिल सकता है।

अन्य खबरें खबरें और भी हैं...