अपना राज्य चुनें
QS World University Rankings 2027: दिल्ली यूनिवर्सिटी की वैश्विक रैंकिंग में सुधार, भारत की नंबर-1 पब्लिक यूनिवर्सिटी बरकरार
ताजा खबरें 8 3 days ago

दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) ने QS World University Rankings 2027 में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है। विश्वविद्यालय ने वैश्विक स्तर पर 322वीं रैंक हासिल की है, जो पिछले वर्ष 2026 की 328वीं रैंकिंग से 6 स्थान बेहतर है। इसके साथ ही DU ने भारत की शीर्ष सार्वजनिक (पब्लिक) यूनिवर्सिटी के रूप में अपना स्थान बरकरार रखा है।

दिल्ली यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रोफेसर योगेश सिंह ने इस उपलब्धि को विश्वविद्यालय के शिक्षकों, छात्रों, शोधकर्ताओं, कर्मचारियों, पूर्व छात्रों और सभी हितधारकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यह सफलता शिक्षा, शोध, नवाचार, स्थिरता और सामाजिक योगदान के क्षेत्र में विश्वविद्यालय की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

QS World University Rankings 2027 में दुनिया भर के 8,808 संस्थानों का मूल्यांकन किया गया, जिनमें से 106 देशों और क्षेत्रों की 1,504 यूनिवर्सिटियों को रैंकिंग में स्थान मिला। भारत की 52 संस्थाओं में शामिल दिल्ली यूनिवर्सिटी ने राष्ट्रीय और वैश्विक दोनों स्तरों पर अपनी स्थिति मजबूत की है।

विश्वविद्यालय का कुल स्कोर भी 42.6 से बढ़कर 43.8 हो गया है। भारतीय विश्वविद्यालयों में DU ने पहला स्थान बनाए रखा है, जबकि देश के सभी उच्च शिक्षण संस्थानों में यह 7वें स्थान पर बनी हुई है।

कई प्रमुख मानकों में हुआ सुधार

QS रैंकिंग के विभिन्न प्रदर्शन संकेतकों में भी दिल्ली यूनिवर्सिटी ने उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है।

  • Citations per Faculty श्रेणी में विश्वविद्यालय 403वें स्थान से 318वें स्थान पर पहुंच गया, यानी 85 स्थानों की छलांग।
  • Sustainability श्रेणी में DU ने 297वें स्थान से 240वें स्थान तक पहुंचकर 57 स्थानों का सुधार किया।
  • Employer Reputation में भी विश्वविद्यालय 319वें स्थान से 304वें स्थान पर पहुंच गया, जो वैश्विक स्तर पर DU के छात्रों और स्नातकों की बढ़ती पहचान को दर्शाता है।

कुलपति योगेश सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय भविष्य में भी शिक्षा की गुणवत्ता, शोध क्षमता और वैश्विक पहचान को और मजबूत करने की दिशा में कार्य करता रहेगा तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा।

अन्य खबरें खबरें और भी हैं...