कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके को दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार शाम हिरासत में ले लिया। यह कार्रवाई कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले की गई। पार्टी के सदस्यों सौरव दास और आशुतोष रांका की गिरफ्तारी के बाद अभिजीत दिपके ने प्रदर्शन का ऐलान किया था।
प्रदर्शन से पहले पुलिस ने दिए दो नोटिस
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को अभिजीत दिपके के घर पहुंचकर उन्हें दो नोटिस दिए। नई दिल्ली पुलिस की ओर से जारी नोटिस में उन्हें सेंट्रल पार्क नहीं आने की हिदायत दी गई। इसमें भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू होने का हवाला दिया गया।
दूसरा नोटिस दक्षिण-पश्चिम दिल्ली पुलिस की ओर से दिया गया। इसमें पहले की कार्रवाई का उल्लेख करते हुए बताया गया कि अभिजीत दिपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को पहले एहतियातन हिरासत में लेकर अदालत में पेश किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, अदालत ने उन्हें एक साल तक शांति भंग नहीं करने की शर्त पर पाबंद किया था।
सेंट्रल पार्क में प्रदर्शन का किया था ऐलान
CJP के सदस्यों की गिरफ्तारी के बाद अभिजीत दिपके ने दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में प्रदर्शन करने की घोषणा की थी। हालांकि, प्रदर्शन से पहले ही दिल्ली पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। इस कार्रवाई के बाद प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर स्थिति चर्चा में आ गई है।
खबरें और भी हैं...