देश की अग्रणी आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) को अमेरिका में चल रहे ट्रेड सीक्रेट्स विवाद में बड़ा झटका लगा है। अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने कंपनी की अपील पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया है, जिससे DXC टेक्नोलॉजी के पक्ष में दिया गया 168 मिलियन डॉलर का हर्जाना बरकरार रहेगा।
TCS ने सोमवार को कहा कि वह वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में 70 मिलियन डॉलर का अतिरिक्त एकमुश्त खर्च दर्ज करेगी। इस अतिरिक्त प्रावधान के बाद मामले में कंपनी की कुल वित्तीय देनदारी लगभग 220 मिलियन डॉलर तक पहुंच जाएगी।
यह मामला वर्ष 2019 में दर्ज किए गए एक मुकदमे से जुड़ा है। DXC की पूर्ववर्ती कंपनी कंप्यूटर साइंसेज कॉर्पोरेशन ने आरोप लगाया था कि TCS ने ट्रांसअमेरिका से जुड़े करीब 2,200 कर्मचारियों को नियुक्त किया और उनकी अंदरूनी जानकारी का उपयोग कर एक प्रतिस्पर्धी लाइफ इंश्योरेंस प्लेटफॉर्म विकसित किया।
साल 2023 में जूरी ने TCS पर 210 मिलियन डॉलर का जुर्माना लगाने की सिफारिश की थी। हालांकि बाद में एक अमेरिकी जिला अदालत ने इस राशि को घटाकर 168 मिलियन डॉलर कर दिया था। इसके बाद अपीलीय अदालत ने भी इसी फैसले को बरकरार रखा।
सुप्रीम कोर्ट द्वारा अपील खारिज किए जाने के बाद यह मामला TCS के लिए एक महंगा कानूनी विवाद बन गया है। हालांकि कंपनी का कहना है कि वह अपने कारोबार और ग्राहकों को सेवाएं देने पर पूरी तरह केंद्रित रहेगी।
खबरें और भी हैं...