भोपाल के अरेरा हिल्स स्थित प्रतिष्ठित 5-स्टार होटल कोर्टयार्ड बाय मैरियट (डिलिजेंट होटल कॉर्पोरेशन प्राइवेट लिमिटेड) के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। राज्य और केंद्रीय खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की संयुक्त टीम द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने के बाद होटल का केंद्रीय फूड लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को निरीक्षण के दौरान होटल के किचन और स्टोर रूम में चूहों की मौजूदगी मिली। पेस्ट कंट्रोल रिकॉर्ड की जांच में भी चूहों के संक्रमण की पुष्टि हुई। अधिकारियों ने इसे खाद्य सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन माना है।
निरीक्षण के दौरान होटल की विभिन्न रसोइयों में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। कई स्थानों पर गंदगी और स्वच्छता संबंधी कमियां सामने आईं, जिससे खाद्य पदार्थों के दूषित होने की आशंका बढ़ गई।
जांच टीम ने पाया कि शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य सामग्री को उचित पृथक्करण के बिना एक साथ रखा गया था। यह खाद्य सुरक्षा नियमों के खिलाफ माना जाता है। इसके अलावा होटल में उपयोग किए जा रहे कुछ चीनी के पाउच ऐसी तृतीय-पक्ष इकाई से लिए जा रहे थे, जिन्हें विधिवत मंजूरी प्राप्त नहीं थी।
अधिकारियों के अनुसार होटल में फूड सेफ्टी मैनेजमेंट सिस्टम (FSMS) तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक (लाइसेंसिंग एवं पंजीकरण) विनियम, 2011 की अनुसूची-4 के प्रावधानों का पर्याप्त पालन नहीं किया जा रहा था। खाद्य सामग्री के भंडारण की व्यवस्था भी मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा कि आम उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कार्रवाई की गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी संस्थान के खिलाफ आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।
होटल का केंद्रीय फूड लाइसेंस (संख्या-11421999000174) अगली जांच और सुधारात्मक कार्रवाई पूरी होने तक निलंबित रहेगा।
खबरें और भी हैं...