अपना राज्य चुनें
पाकिस्तान के हवाई हमलों पर भारत भड़का, अफगानिस्तान के समर्थन में आया बड़ा बयान
विदेश 5 12 hours ago

पाकिस्तान द्वारा अफगानिस्तान के विभिन्न इलाकों में किए गए हवाई हमलों के बाद भारत ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। विदेश मंत्रालय (MEA) ने इन हमलों की कड़ी निंदा करते हुए इसे अफगानिस्तान की संप्रभुता पर सीधा हमला और क्षेत्रीय शांति एवं स्थिरता के लिए गंभीर खतरा बताया।

विदेश मंत्रालय ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि पाकिस्तान के हवाई हमलों में महिलाओं और बच्चों सहित कई निर्दोष नागरिकों की जान गई है। भारत ने इसे पाकिस्तान के लगातार गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार का उदाहरण बताते हुए कहा कि वह अपनी आंतरिक नाकामियों को सीमा पार हिंसा के जरिए दूसरों पर थोपने की कोशिश कर रहा है।

भारत ने हमलों में जान गंवाने वाले अफगान नागरिकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही भारत ने अफगानिस्तान की संप्रभुता, स्वतंत्रता और क्षेत्रीय अखंडता के प्रति अपने अटूट समर्थन को दोहराया।

रिपोर्टों के अनुसार, पाकिस्तान ने इन सैन्य कार्रवाइयों को आतंकियों के ठिकानों के खिलाफ अभियान बताया है। वहीं अफगान अधिकारियों का कहना है कि हमलों में बड़ी संख्या में आम नागरिकों की मौत हुई है और कई लोग घायल हुए हैं। दोनों देशों के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है।

भारत का यह बयान ऐसे समय आया है जब दक्षिण एशिया में सुरक्षा स्थिति को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ रही है। नई दिल्ली ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्रीय विवादों का समाधान संप्रभुता का सम्मान और अंतरराष्ट्रीय कानूनों के अनुरूप ही होना चाहिए।

अन्य खबरें खबरें और भी हैं...