अपना राज्य चुनें
इंदौर में बदला मौसम, बूंदाबांदी और ठंडी हवाओं से गर्मी से राहत
मध्यप्रदेश 7 10 hours ago

इंदौर में शनिवार सुबह से मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया। सुबह से आसमान में बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलती रहीं। शहर के कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी और रिमझिम बारिश भी दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।

शुक्रवार की तुलना में दिन और रात के तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से घटकर 39 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

नौतपा के दौरान इस बार इंदौर में तेज धूप, उमस और गर्म हवाओं ने लोगों को काफी परेशान किया था। हालांकि अब मौसम में बदलाव के चलते तापमान में गिरावट आई है और लोगों को राहत महसूस हो रही है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले एक-दो दिनों तक इंदौर और आसपास के क्षेत्रों में ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने 31 मई, 1 जून और 2 जून के लिए प्रदेश के कई जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। इंदौर में भी बादल छाने और हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है।

गौरतलब है कि मई महीने में इंदौर का तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। मौसम विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार 31 मई 1994 को शहर में 46.6 डिग्री सेल्सियस का रिकॉर्ड तापमान दर्ज किया गया था। वहीं पिछले वर्ष मई में लगभग 3 इंच बारिश हुई थी। वर्ष 2014 से 2023 के बीच मई महीने में नौ बार बारिश दर्ज की जा चुकी है।

मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसम प्रणालियों के सक्रिय होने के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मौसम सुहाना बना रह सकता है।

अन्य खबरें खबरें और भी हैं...