अपना राज्य चुनें
भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री पारस चंद्र जैन का निधन, 76 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस
मध्यप्रदेश 5 16 hours ago

उज्जैन: मध्य प्रदेश की राजनीति से एक दुखद खबर सामने आई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री पारस चंद्र जैन का 76 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे और इंदौर के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान 3 अगस्त को उन्होंने अंतिम सांस ली।

उनके निधन की पुष्टि उज्जैन जिला भाजपा मीडिया प्रभारी दिनेश जाटवा और उनके निजी सहायक शुभम माली ने की। पारस चंद्र जैन का अंतिम संस्कार उज्जैन में किया जाएगा। उनकी अंतिम यात्रा दोपहर 2 बजे उनके निवास से चक्रतीर्थ श्मशान घाट के लिए निकलेगी।

छह बार रहे विधायक, कई विभागों की संभाली जिम्मेदारी

पारस चंद्र जैन का जन्म 20 जून 1950 को उज्जैन में हुआ था। उन्होंने अपनी राजनीतिक यात्रा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से शुरू की। वर्ष 1990 में पहली बार उज्जैन उत्तर विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए। इसके बाद वे 1993, 2003, 2008, 2013 और 2018 में भी इसी सीट से विधायक बने। केवल 1998 में उन्हें चुनाव में हार का सामना करना पड़ा।

मध्य प्रदेश सरकार में उन्होंने वन, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, उपभोक्ता संरक्षण, स्कूल शिक्षा और ऊर्जा जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाली। वर्ष 2013 में उन्हें स्कूल शिक्षा मंत्री और बाद में ऊर्जा मंत्री बनाया गया।

‘पहलवान’ के नाम से थे मशहूर

पारस चंद्र जैन को लोग प्यार से ‘पहलवान’ भी कहते थे। उन्हें व्यायाम, योग और कुश्ती का विशेष शौक था। सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहने के कारण उनकी पहचान जनता के बीच एक लोकप्रिय जनप्रतिनिधि के रूप में रही।

2023 में नहीं मिला था विधानसभा टिकट

भाजपा ने 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्हें टिकट नहीं दिया था। उनकी जगह उज्जैन उत्तर सीट से अनिल जैन कालूहेड़ा को उम्मीदवार बनाया गया। इसके बावजूद पारस चंद्र जैन संगठन और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय बने रहे।

विवादों में भी रहा नाम

राजनीतिक जीवन के दौरान पारस चंद्र जैन का नाम एक कथित भ्रष्टाचार मामले में भी सामने आया था। उन पर विधायक निधि के दुरुपयोग और पद के कथित दुरुपयोग से जुड़े आरोप लगे थे। इस मामले में लोकायुक्त ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया था। यह मामला न्यायिक प्रक्रिया का हिस्सा रहा।

उनके निधन पर भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।

अन्य खबरें खबरें और भी हैं...