गुजरात में इस बार मॉनसून ने रिकॉर्ड तोड़ बारिश दर्ज की है। वलसाड जिले के उंबरगांव में 22 जुलाई सुबह 6 बजे से 23 जुलाई सुबह 6 बजे के बीच 906 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। यह मात्रा दिल्ली में पूरे साल होने वाली औसत 700 से 800 मिमी बारिश से भी अधिक है। यानी उंबरगांव में सिर्फ 24 घंटे में उतनी बारिश हो गई, जितनी दिल्ली में पूरे साल होती है।
बाढ़ जैसे हालात, जनजीवन प्रभावित
लगातार मूसलाधार बारिश के कारण दक्षिण गुजरात के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए। सड़कें, घर, दुकानें और रेलवे ट्रैक पानी में डूब गए। कई स्थानों पर लोगों के घरों में पानी घुस गया, जिससे सामान्य जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया। कई वाहन सड़कों पर जलभराव के कारण बीच रास्ते में फंस गए, जबकि रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित हुईं।
1,200 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
स्थिति को देखते हुए प्रशासन, NDRF और अन्य राहत एजेंसियों ने बचाव अभियान चलाया। स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (SEOC) के अनुसार करीब 1,200 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
IMD ने बताई भारी बारिश की वजह
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, अरब सागर से लगातार आ रही नमी वाली हवाएं और मजबूत दक्षिण-पश्चिम मॉनसून इस रिकॉर्डतोड़ बारिश की मुख्य वजह हैं। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है।
सबसे ज्यादा बारिश वाले प्रमुख क्षेत्र
उंबरगांव – 906 मिमी
कपराडा – 731 मिमी
नानापोंधा – 643 मिमी
धरमपुर – 499 मिमी
पारडी – 448 मिमी
वांसदा – 435 मिमी
वापी – 413 मिमी
वलसाड शहर – 403 मिमी
डोलवन (तापी) – 378 मिमी
वघई (डांग) – 369 मिमी
लगातार बारिश के चलते प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक होने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।
खबरें और भी हैं...