कटरा: लगातार खराब मौसम और सुरक्षा कारणों से पांच दिनों तक बंद रहने के बाद श्री माता वैष्णो देवी यात्रा एक बार फिर शुरू हो गई है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए फिलहाल प्रतिदिन 10 हजार श्रद्धालुओं को ही दर्शन की अनुमति देने का फैसला किया है।
डिविजनल कमिश्नर रमेश कुमार ने बताया कि क्षेत्र में स्थिति अब धीरे-धीरे सामान्य हो रही है। मौसम में सुधार के बाद यात्रा को चरणबद्ध तरीके से बहाल किया गया है। हालांकि प्रशासन लगातार मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी की गई है।
युद्धस्तर पर बहाल किया गया यात्रा मार्ग
यात्रा दोबारा शुरू करने से पहले श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड, स्थानीय प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन टीमों ने युद्धस्तर पर काम करते हुए यात्रा मार्गों को सुरक्षित बनाया। सफाई कर्मचारियों और अन्य विभागों ने मलबा हटाने और रास्तों को सुचारु करने का काम पूरा किया।
रजिस्ट्रेशन और पैदल यात्रा भी शुरू
प्रशासन ने बताया कि यात्रा का रजिस्ट्रेशन फिर से शुरू कर दिया गया है। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए पैदल यात्रा भी बहाल कर दी गई है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे मौसम संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें और प्रशासन द्वारा जारी सलाह के अनुसार ही यात्रा करें।
मौसम पर रहेगी लगातार नजर
अधिकारियों के अनुसार मौसम की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। यदि मौसम फिर से खराब होता है तो सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे। फिलहाल यात्रा सामान्य रूप से संचालित की जा रही है।
खबरें और भी हैं...