भारत की युवा शूटर ईशा सिंह ने जर्मनी के म्यूनिख में आयोजित ISSF वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है। 21 वर्षीय ईशा ने महिला 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतने के साथ-साथ नया विश्व रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।
फाइनल मुकाबले में ईशा सिंह ने 50 में से 43 सटीक निशाने लगाए और महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में सीनियर तथा जूनियर दोनों वर्गों का नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित कर दिया। शुरुआत से ही उन्होंने आक्रामक और आत्मविश्वास भरा प्रदर्शन किया, जिससे अन्य प्रतियोगियों पर दबाव बन गया।
फाइनल में मौजूदा ओलंपिक चैंपियन Yang Ji-in भी शामिल थीं, लेकिन ईशा के शानदार प्रदर्शन के सामने वह टिक नहीं सकीं। जर्मनी की Doreen Vennekamp ने सिल्वर मेडल जीता, जबकि बुल्गारिया की Miroslava Mincheva को ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा।
ईशा के इस प्रदर्शन की सबसे खास बात यह रही कि उन्होंने क्वालिफिकेशन राउंड में पांचवें स्थान पर रहते हुए फाइनल में जगह बनाई थी। हालांकि, फाइनल में उन्होंने पूरी तरह अलग स्तर का खेल दिखाया और गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ उन्होंने इस साल रोम में होने वाले ISSF वर्ल्ड कप फाइनल के लिए भी क्वालिफाई कर लिया है।
ईशा सिंह की यह ऐतिहासिक उपलब्धि भारतीय शूटिंग के लिए एक बड़ी सफलता मानी जा रही है। उनकी इस जीत ने न केवल भारत को गर्व का अवसर दिया है, बल्कि उन्हें देश की नई शूटिंग सुपरस्टार के रूप में भी स्थापित कर दिया है।
खबरें और भी हैं...